हसदेव अरण्य के जंगल में पेड़ों की कटाई के खिलाफ युवा कांग्रेस ने किया प्रदर्शन
आकाशवाणी.इन
कोरबा , हसदेव अरण्य का जंगल उजाड़े जाने के विरोध में युवा कांग्रेस ने गुरुवार को टीपी नगर चौक पर प्रदर्शन किया। यह जंगल कोरबा समेत छत्तीसगढ़ के सरगुजा व सूरजपुर तक है। इसी जंगल के बीच से हसदेव नदी भी गुजरी है। सर्वे में कोयले का भंडार होने का पता चलने पर कोल ब्लॉक खोलने हसदेव अरण्य जंगल के पेड़ों की कटाई का एक बार फिर विरोध सामने आया है। युवा कांग्रेस ने टीपी नगर चौक पर प्रदर्शन किया। सबसे अधिक प्रभावित आदिवासी वर्ग के लोगों को होना बताया। साथ ही जंगल के वन्य प्राणियों का जीवन भी संकट में पड़ जाना बताया।
युकां नेताओं ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सत्ता आते ही जंगल उजाड़ने पेड़ों की कटाई शुरू कर दी गई है। पूर्ववर्ती कांग्रेस शासित प्रदेश सरकार ने केन्द्र सरकार के इस आदेश पर रोक लगाते हुए हसदेव जंगल को उजड़ने से बचाया था। साथ ही लेमरू एलीफेंट कॉरीडोर का प्रस्ताव भी बनाया था। सेव हसदेव का पोस्टर लिए युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राकेश पंकज, ग्रामीण अध्यक्ष विकास सिंह विक्की, पवन विश्वकर्मा, बृजभूषण प्रसाद, महासचिव अंकित श्रीवास्तव, विवेक श्रीवास समेत अन्य शामिल हुए।
