भारत जोड़ो न्याय यात्रा लेकर 11 फरवरी को कोरबा पहुंच रहे हैं राहुल गांधी, कांग्रेसियों सहित आम जनता में भारी उत्साह: पूर्व कैबिनेट मंत्री जयसिंह
आकाशवाणी.इन
मणिपुर से प्रारंभ हुई भारत जोड़ो न्याय यात्रा लेकर राहुल गांधी 11 फरवरी को कोरबा जिले में प्रवेश करेंगे, जिसकी तैयारी को लेकर जिला कांग्रेस कार्यालय में सोमवार को पूर्व कैबिनेट मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने पदाधिकारियों की बैठक ली.
बैठक में उपस्थित कांग्रेसियों से पूर्व राजस्व मंत्री श्री अग्रवाल ने जिले के चारों विधानसभा में भारत जोड़ो न्याय यात्रा की तैयारी को लेकर चर्चा की, इसके लिए प्रत्येक विधानसभा में पदाधिकारियों को अलग अलग जिम्मेदारी सौंपी गई है. भारत जोड़ो न्याय यात्रा के संबंध में श्री अग्रवाल ने बताया कि रायगढ़ जिले से होकर 11 फरवरी को राहुल गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा लेकर कोरबा जिले में प्रवेश करेंगे, सर्व प्रथम यात्रा का स्वागत रामपुर विधानसभा के ग्राम लबेद से प्रारंभ होगी जिसके पश्चात तुमान, पहुंचेंगे और भैसमा में रात्रि विश्राम करेंगे. 12 फरवरी की सुबह कोरबा पहुंचेंगे जहां सीतामणी चौक पर जोरदार स्वागत किया जाएगा, इसी प्रकार कोरबा जिले के हर कदम पर भारत जोड़ो न्याय यात्रा का ऐतिहासिक स्वागत किया जाएगा.
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में 14 जनवरी को मणिपुर से “भारत जोड़ो न्याय यात्रा” आरंभ हुई है, जो 6700 कि.मी. की दूरी तय कर अन्याय के विरूद्ध न्याय की मांग करते लगातार आगे बढ रही हैं। 8 फरवरी को प्रातः 10 बजे उड़ीसा से छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में यह यात्रा प्रवेश करेगी, जो लगभग 5 दिनों में 7 जिलों की 536 कि.मी. की यात्रा कर उत्तर-प्रदेश में प्रवेश करेगी.
उन्होंने बताया कि कोरबा जिले के ग्राम भैंसमा में 11 फरवरी को यात्रा रैली पहुंचेगी, 12 फरवरी को कोरबा शहर के सीतामणी में प्रातः 10:30 बजे के आसपास यात्रा रैली पहुंचेगी जिसका सीतामणी गौमाता चौक पर भव्य स्वागत किया जाएगा तथा कोरबा शहर के मुख्य मार्ग से टी.पी. नगर, सीएसईबी चौक, ध्यानचंद चौक, दर्री, एनटीपीसी चौक, अयोध्यापुरी, गोपालपुर होते हुए छुरी, कटघोरा से तानाखार तक अनेकों स्थान पर भव्य स्वागत की तैयारियाँ की जा रही है.
भारत जोड़ो न्याय यात्रा को कोरबा जिले में सफल बनाने के लिए सभी ने अपनी जिम्मेदारी लेते हुए कमर कस ली है. इसी के साथ आम जनता भी भारत जोड़ो न्याय यात्रा में राहुल गांधी से मुलाकात करने के लिए ललायित हैं. बैठक में जिले के चारो विधानसभा क्षेत्र के विधायक, पूर्व विधायक, पार्षद, जिला पंचायत सदस्य, जनपद पंचायत, सदस्य ब्लॉक अध्यक्ष, महिला कांग्रेस, युवक कांग्रेस, सहित कांग्रेस के सभी पदाधिकारियों उपस्थित रहे.
