आकाशवाणी.इन
रायपुर, 24 मई 2026/ छत्तीसगढ़ में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी को लेकर एक बार फिर सियासत गरमा गई है। इस पूरे मामले पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का एक बड़ा बयान सामने आया है, जिसने सियासी गलियारों में हलचल तेज कर दी है। पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के हालिया बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए भूपेश बघेल ने साफ रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि मैं टीएस सिंहदेव के किसी भी बयान पर प्रतिक्रिया नहीं देता.
वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष को लेकर चल रही राजनीतिक बयानबाजी के बीच भूपेश बघेल ने कहा कि दीपक बैज पिछले तीन-साढ़े तीन साल से छत्तीसगढ़ कांग्रेस के अध्यक्ष हैं और पूरी पार्टी उनके नेतृत्व में काम कर रही है। वहीं उन्होंने आगे कहा कि किसे नेता प्रतिपक्ष बनाना है और किसे पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाना है, यह सब तय करना हाईकमान का काम है। इसलिए मैं इन सब चीजों में अपनी बुद्धि नहीं लगाता.
प्रेसवार्ता में केंद्र सरकार पर बोला तीखा हमला
वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने देश के वर्तमान हालातों की तुलना अघोषित आपातकाल से करते हुए युवाओं (Gen-Z) से बड़ी उम्मीदें जताई हैं। भूपेश बघेल ने कहा कि देश में आज लोकतंत्र को कमजोर किया जा रहा है, लेकिन नई पीढ़ी इसे दोबारा खड़ा करने की इच्छाशक्ति रखती है.
प्रेसवार्ता के दौरान भूपेश बघेल ने आज की युवा पीढ़ी (Gen-Z) की ताकत का जिक्र किया। उन्होंने एक दिलचस्प उदाहरण देते हुए कहा, “आजकल Gen-Z का जमाना है। इसका अद्भुत प्रभाव पूरे भारतीय उपमहाद्वीप में देखने को मिला है कि कैसे महज 4 दिन में 2 करोड़ फॉलोअर्स मिल जाते हैं। इस पीढ़ी की लोकतंत्र के प्रति बड़ी आस्था है.
युवा कांग्रेस, मुख्य कांग्रेस का सबसे मजबूत स्तंभ
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी खुद ‘Gen-Z’ को आमंत्रित कर रहे हैं। इस बार के संगठन चुनावों में 90 के दशक के बाद के लड़के नेतृत्व करेंगे। युवा कांग्रेस, मुख्य कांग्रेस का सबसे मजबूत स्तंभ है। पहले सदस्यता अभियान होगा और फिर चुनाव की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। लोकतंत्र को बचाने के लिए युवा लड़ाई लड़ेंगे और इसका लाभ निश्चित तौर पर कांग्रेस को मिलेगा.
केंद्र सरकार की नीतियों पर बरसते हुए पूर्व सीएम ने कहा कि देश में इस वक्त अघोषित रूप से आपातकाल लगा हुआ है। मीडिया को चुप करा दिया जाता है और व्यापारिक जगत को भी डराकर मौन कर दिया गया है। देश तेजी से आर्थिक आपातकाल की ओर बढ़ रहा है। ऐसा लग रहा है जैसे हम अमेरिका के कुचक्र में फंस चुके हैं। जिस प्रकार हमारी स्थिति है, हम बड़ी मुश्किल से अंग्रेजों की गुलामी से उभरे थे, लेकिन आज हमें तेल (क्रूड ऑयल) के लिए दूसरी जगहों पर निर्भर रहना पड़ रहा है.
भूपेश बघेल ने आम जनता से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए कहा कि लगातार पेट्रोल और डीजल के दामों में मूल्य वृद्धि हो रही है। हाल ही में डीजल, पेट्रोल और गैस सिलेंडर के दामों में 5 तक की बढ़ोतरी हुई है.
इसके साथ ही उन्होंने राज्य सरकार को घेरते हुए चेतावनी दी कि छत्तीसगढ़ में बिजली की दरों में भारी कटौती (सप्लाई में कटौती) और संकट की आहट सुनाई दे रही है। रोज बिजली की समस्याओं में वृद्धि हो रही है, जिससे जनता परेशान है। उन्होंने अंत में दोहराया कि इन तमाम हालातों को बदलने के लिए उन्हें देश के युवाओं से बहुत बड़ी उम्मीद है.