आकाशवाणी.इन
कोरबा, 17 अक्टूबर 2026/ नगर पालिक निगम कोरबा की एक बड़ी लापरवाही और उस पर आकाशवाणी.इन की खबर के जोरदार असर का मामला सामने आया है। अप्पू गार्डन के पास मुख्य मार्ग पर भव्य रामलीला और दशहरा मेला के प्रचार पोस्टर में हुई एक गंभीर चूक को निगम प्रशासन ने खबर प्रकाशित होने के बाद रातों-रात सुधार लिया है.
क्या था पूरा मामला?
नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा घंटाघर स्थित ओपन ऑडिटोरियम में आयोजित दशहरा उत्सव और रामलीला के प्रचार-प्रसार के लिए शहर में जगह-जगह होर्डिंग्स और पोस्टर लगवाए गए थे। लेकिन विज्ञापन लगाने की जल्दबाजी में निगम के अधिकारियों और ठेकेदारों ने घोर लापरवाही बरती। शहर के प्रमुख और व्यस्ततम इलाके अप्पू गार्डन के पास लगे एक बड़े होर्डिंग की ज्वाइंट्स मिलान में हुई चूक से कोरबा की महापौर संजू देवी राजपूत की तस्वीर पूरी तरह ‘मिस-मैच’ था जिसकी वजह से मेयर का चेहरा अजीब दिखाई दे रहा था.

पहले- ‘मिस-मैच’ वाली होर्डिंग में लगी तस्वीर
पोस्टर चिपकाने में हुई थी मानवीय चूक:
मामले की गहराई में जाने पर पता चला कि यह पूरी गड़बड़ी पोस्टर चिपकाने के दौरान हुई एक मानवीय चूक (Human Error) की वजह से हुई थी। फ्लेक्स प्रिंटिंग और उसे होर्डिंग पर फिक्स करने वाले कर्मचारियों की लापरवाही के कारण महापौर की तस्वीर लोगों के लिए हंसी का पात्र बन गया था जिसे बिना जांचे-परखे सीधे मुख्य मार्ग पर प्रदर्शित कर दिया गया.
जनता में कौतूहल और चर्चा का विषय:
अप्पू गार्डन के पास से रोजाना हजारों की संख्या में लोग गुजरते हैं। इस मिस-मैच पोस्टर को देखकर राहगीर और स्थानीय नागरिक हैरान रह गए। देखते ही देखते यह लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया। लोग पोस्टर देखकर एक-दूसरे से पूछने लगे— “ये हमारी मेयर हैं या कोई और?”
खबर का दमदार असर: रातों-रात बदली गई होर्डिंग-
इस लापरवाही को आकाशवाणी.इन न्यूज़ ने 15 अक्टूबर को प्रमुखता से उजागर किया। खबर सोशल मीडिया और प्रशासनिक हलकों में वायरल होते ही निगम प्रबंधन में हड़कंप मच गया। अपनी फजीहत होती देख जिम्मेदार अधिकारियों ने आनन-फानन में संज्ञान लिया और रात के अंधेरे में ही अप्पू गार्डन के पास लगे ‘मिस-मैच’ होर्डिंग को हटाकर वहां महापौर संजू देवी की सही तस्वीर वाला नया पोस्टर लगा दिया.

खबर वायरल होने के बाद बदला गया होर्डिंग
इस त्वरित कार्रवाई के बाद शहरवासियों का कहना है कि अगर मीडिया सजग न हो, तो जिम्मेदार अधिकारी अपनी गलतियों को इसी तरह दबाए रखते हैं। बहरहाल, आकाशवाणी.इन की इस खबर के असर की शहर में खूब चर्चा हो रही है.