Home छत्तीसगढ़ छत्तीसगढ़ में धान खरीदी महाअभियान की रफ्तार तेज़, अब तक 22.25 लाख...

छत्तीसगढ़ में धान खरीदी महाअभियान की रफ्तार तेज़, अब तक 22.25 लाख मीट्रिक टन धान की हुई खरीदी

4
0

आकाशवाणी.इन

रायपुर, 07 दिसंबर 2025/ छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का महाअभियान तेजी से जारी है। 14 नवंबर से शुरू हुई खरीदी प्रक्रिया में 5 दिसंबर सुबह 10 बजे तक 22 लाख 39 हजार 433 मीट्रिक टन से अधिक धान की खरीदी की जा चुकी है। अब तक 4 लाख 39 हजार 511 किसानों ने अपना धान बेचा है। किसानों को भुगतान के लिए मार्कफेड द्वारा 5,277 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं.

इस खरीफ सीजन के लिए कुल 27 लाख 30 हजार 96 किसानों ने पंजीयन कराया है, जिसमें 31 लाख 51 हजार 771 हेक्टेयर कृषि रकबा शामिल है। प्रदेश के सभी जिलों में धान खरीदी सुचारू रूप से जारी है.

महासमुंद जिला अब तक 15 लाख 19 हजार 650 क्विंटल धान खरीदकर प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। इसके बाद गरियाबंद 6 लाख 73 हजार 495 क्विंटल के साथ दूसरे और बिलासपुर 6 लाख 73 हजार 65 क्विंटल खरीदी के साथ तीसरे स्थान पर है। कांकेर जिले ने 6 लाख 15 हजार 431 क्विंटल धान खरीदी कर चौथा स्थान प्राप्त किया है। धमतरी और मुंगेली जिलों में भी 5 लाख क्विंटल से अधिक धान खरीदा गया है, जबकि सूरजपुर, बलौदाबाजार-भाटापारा, बेमेतरा, बालोद और कोंडागांव में 4 लाख क्विंटल से अधिक खरीदी हुई है.

किसानों की सुविधा के लिए शुरू किए गए ‘टोकन तुंहर ऐप’ से टोकन जारी करने और धान बेचने की प्रक्रिया में विशेष सहूलियत मिल रही है। अब तक 8 लाख 97 हजार 779 टोकन किसानों को जारी किए जा चुके हैं, जबकि 8 दिसंबर के लिए 50 हजार 234 टोकन जारी किए गए हैं। किसान समितियों द्वारा किए जा रहे प्रबंधों और नई डिजिटल व्यवस्था से किसान संतुष्ट दिखाई दे रहे हैं.

राज्य शासन द्वारा गठित राज्य एवं जिला स्तरीय टीमों द्वारा प्रदेशभर में अवैध धान परिवहन, भंडारण और विक्रय पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। सीमावर्ती इलाकों में भी सुरक्षा और जांच व्यवस्था को मजबूत किया गया है। जगह-जगह मालवाहक वाहनों की औचक जांच की जा रही है, ताकि बाहर से धान की अनधिकृत आवक पर रोक लगाई जा सके.

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार धान खरीदी के साथ-साथ किसानों को समर्थन मूल्य का त्वरित भुगतान भी जारी है। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा मार्कफेड को 26,200 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी प्रदान की गई है, जिससे किसानों को भुगतान में किसी तरह की देरी न हो। सभी खरीदी केंद्रों में पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं और अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं.

किसानों का कहना है कि टोकन तुंहर ऐप की ऑनलाइन व्यवस्था से धान बेचने की प्रक्रिया और भी आसान हुई है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में किसान हितैषी नीतियों का लाभ सीधे किसानों तक पहुंच रहा है। सरकार द्वारा घोषित नीति के अनुसार प्रति एकड़ 21 क्विंटल समर्थन मूल्य तथा कृषि उन्नति योजना के तहत 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है, जिससे किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल रहा है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here