Home छत्तीसगढ़ KORBA : करतला रेंज में एक और दंतैल हाथी की आमद, गांवों...

KORBA : करतला रेंज में एक और दंतैल हाथी की आमद, गांवों में बढ़ा खतरा…

39
0

आकाशवाणी.इन

कोरबा, 02 जनवरी 2026/ वनमंडल कोरबा के करतला रेंज में हाथियों की गतिविधियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। कुदमुरा क्षेत्र से एक और दंतैल हाथी अचानक करतला रेंज में प्रवेश कर गया है। सोमवार सुबह इस दंतैल हाथी को बड़मार जंगल में विचरण करते हुए देखा गया, जिसके बाद वन विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है.

हाथी की मौजूदगी की पुष्टि होते ही वन विभाग द्वारा बड़मार सहित आसपास के गांवों में मुनादी कराई गई और ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की गई। लोगों को घरों में रहने, जंगल की ओर न जाने और हाथी दिखाई देने पर तुरंत सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं.

गौरतलब है कि करतला रेंज के चिकनीपाली बिट अंतर्गत पहाड़ी क्षेत्र में पहले से ही एक दंतैल हाथी सक्रिय है। अब दूसरे दंतैल के पहुंचने से क्षेत्र में सक्रिय दंतैल हाथियों की संख्या बढ़कर दो हो गई है। इससे ग्रामीणों के लिए खतरा और बढ़ गया है। वन विभाग द्वारा विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा कर्मचारियों की तैनाती बढ़ा दी गई है.

इधर, कटघोरा वनमंडल में भी हाथियों की गतिविधि जारी है। जटगा रेंज में 49 हाथी तथा एतमानगर रेंज में 2 हाथी बालापचरा क्षेत्र के पास विचरण कर रहे हैं। बालापचरा में विचरण कर रहे हाथियों ने बीती रात उत्पात मचाते हुए एक ग्रामीण के खेत में लगी अरहर की फसल को बुरी तरह रौंद दिया, जिससे किसान को भारी नुकसान हुआ है.

पीड़ित ग्रामीण की सूचना पर वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा और हाथियों द्वारा की गई क्षति का आंकलन किया। विभाग द्वारा नियमानुसार मुआवजा प्रक्रिया शुरू करने की बात कही गई है। वन विभाग ने एक बार फिर ग्रामीणों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, समूह में जंगल न जाएं और किसी भी प्रकार की हाथी गतिविधि की सूचना तत्काल विभाग को दें.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here