Home छत्तीसगढ़ कोरबा–कुसमुंडा मुख्य मार्ग पर फिर भीषण हादसा, अंधेरा और तेज रफ्तार बनी...

कोरबा–कुसमुंडा मुख्य मार्ग पर फिर भीषण हादसा, अंधेरा और तेज रफ्तार बनी वजह

37
0

आकाशवाणी.इन

कोरबा, 09 जनवरी 2026/ कोरबा–कुसमुंडा मुख्य मार्ग पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन इस मार्ग पर हादसे हो रहे हैं, जिनमें वाहनों को भारी नुकसान के साथ-साथ चालक और यात्रियों को गंभीर चोटें आ रही हैं। कई मामलों में लोगों को अपनी जान तक गंवानी पड़ी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मार्ग पर व्याप्त घना अंधेरा और वाहनों की बेलगाम रफ्तार इन दुर्घटनाओं की मुख्य वजह है.

बीती रात इसी मार्ग पर गेवरा रेलवे स्टेशन के सामने एक और गंभीर दुर्घटना घटित हो गई। इमलीछापर की ओर से आ रहा एक तेज रफ्तार ट्रेलर सड़क पर खड़े एक अन्य ट्रेलर से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसका चालक केबिन में फंस गया। मौके से गुजर रहे लोगों ने तत्परता दिखाते हुए किसी तरह चालक को केबिन से बाहर निकाला और तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया.

दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त ट्रेलर सड़क पर ही खड़ा रहा, जिससे मार्ग पर आवागमन भी प्रभावित हुआ। वहीं, सड़क पर खड़े दूसरे ट्रेलर का चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है और मामले की जांच की जा रही है.

स्थानीय नागरिकों ने एक बार फिर मार्ग पर स्थायी प्रकाश व्यवस्था की मांग दोहराई है। उनका कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर अंधेरा पसरा रहता है, जिससे रात के समय वाहन चालकों को आगे का रास्ता स्पष्ट दिखाई नहीं देता। कोयलांचल क्षेत्र के लोगों द्वारा लंबे समय से सड़क पर लाइट लगाने की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक न तो नगर निगम ने इस ओर ध्यान दिया है और न ही एसईसीएल प्रबंधन ने कोई ठोस पहल की है। नतीजतन, दुर्घटनाओं का सिलसिला लगातार जारी है और लोगों की जान जोखिम में बनी हुई है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here