आकाशवाणी.इन
कोरबा, 19 जनवरी 2026/ जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा शनिवार को विशेष एवं सघन अभियान चलाया गया। इस दौरान लंबे समय से फरार वारंटी आरोपियों पर शिकंजा कसते हुए कुल 61 वारंटों की सफल तामिली की गई, वहीं नशे में वाहन चलाने वाले 24 चालकों के विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की गई.
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में 18 जनवरी 2026 को जिलेभर के समस्त थाना एवं चौकी क्षेत्रों में स्थाई एवं गिरफ्तारी वारंटों की तामिली हेतु विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत प्रत्येक थाना स्तर पर पृथक-पृथक पुलिस टीमों का गठन कर संभावित ठिकानों पर योजनाबद्ध दबिश दी गई.
स्थानीय मुखबिर तंत्र, बीट सिस्टम एवं तकनीकी सूचनाओं के प्रभावी उपयोग से लंबे समय से न्यायालय में अनुपस्थित एवं फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। अभियान की सतत मॉनिटरिंग अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले एवं नीतीश ठाकुर द्वारा की गई। नगर पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारियों के पर्यवेक्षण में 42 गिरफ्तारी वारंट एवं 19 स्थाई वारंट, कुल 61 वारंटों की तामिली सुनिश्चित की गई। सभी वारंटी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया.
इसी क्रम में कोरबा पुलिस द्वारा जिले के प्रमुख मार्गों एवं दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में विशेष वाहन जांच अभियान भी चलाया गया। जांच के दौरान नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए 24 चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई। सभी चालकों का ब्रेथ एनालाइजर एवं मेडिकल परीक्षण कराया गया.
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे नशे में वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून तोड़ने वालों के विरुद्ध ऐसे अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे.