आकाशवाणी.इन
जांजगीर-चांपा, 22 जनवरी 2026/ कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में जिले में अवैध धान भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। अवैध गतिविधियों की सूचना पर खाद्य, राजस्व एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने छापामार कार्रवाई करते हुए कुल 375 बोरी अवैध धान तथा एक वाहन को जब्त किया है.
जिला खाद्य अधिकारी कौशल साहू ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्रवाई के दौरान ग्राम बिरगहनी निवासी राधेश्याम कुर्रे के घर के बाहर 150 बोरी धान, लगभग 60 क्विंटल, भंडारित अवस्था में पाया गया। मौके पर धान से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। जांच में यह भी सामने आया कि बिचौलियों द्वारा इस धान को किसी अन्य माध्यम से विक्रय करने का प्रयास किया जा रहा था। दस्तावेजों के अभाव एवं संदिग्ध गतिविधि को देखते हुए 150 बोरी धान को जब्त कर लिया गया.
इसी क्रम में संयुक्त टीम द्वारा जावलपुर–रसौटा मार्ग पर संदिग्ध स्थिति में खड़े वाहन क्रमांक CG 04 MQ 4400 को रोका गया। वाहन की जांच करने पर उसमें तिरपाल से ढका हुआ धान लोड पाया गया। वाहन चालक से पूछताछ करने पर उसने बताया कि वाहन में ग्राम जर्वे से 225 बोरी धान लोड किया गया है। वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने तथा परिस्थितियों के संदिग्ध पाए जाने पर वाहन सहित 225 बोरी धान को जब्त कर थाना बलौदा के सुपुर्द किया गया.
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध धान भंडारण, परिवहन एवं बिचौलियों की गतिविधियों पर लगातार कड़ी निगरानी रखी जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.