आकाशवाणी.इन
रायगढ़, 26 जनवरी 2026/ छत्तीसगढ़ शासन गृह (पुलिस) विभाग मंत्रालय, महानदी भवन, अटल नगर नवा रायपुर द्वारा दिनांक 22 जनवरी 2026 को भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारियों की नवीन स्थानांतरण आदेश जारी किया गया था। उक्त आदेश के परिपालन में दिनांक 26.01.2026 को डीआईजी एवं एसएसपी शशि मोहन सिंह (IPS) ने रायगढ़ जिले के नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया। शशि मोहन सिंह वर्ष 2012 बैच के भारतीय पुलिस सेवा अधिकारी हैं। वे छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद रायगढ़ जिले के 21वें पुलिस अधीक्षक हैं.
आज गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर पुलिस कार्यालय परिसर में आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रम में उन्होंने सशस्त्र गार्ड की सलामी के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया और जिले के पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को संबोधित किया.
प्रतिवर्ष की भांति आज प्रातः पुलिस कार्यालय में गणतंत्र दिवस समारोह आयोजित किया गया, जहां वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। अपने उद्बोधन में उन्होंने गणतंत्र दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हमारे स्वतंत्रता सेनानियों और वीर सैनिकों के त्याग व बलिदान से देश को आज़ादी मिली है और लोकतांत्रिक व्यवस्था में कानून का पालन कराना पुलिस विभाग की एक अहम जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से अपने कर्तव्यों का निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया.







