आकाशवाणी.इन
जांजगीर-चांपा, 07 फरवरी 2026/ जिले को अपराध और नशे से मुक्त बनाने की दिशा में जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा एक अहम पहल की गई है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (भापुसे) के नेतृत्व में जिले में नशे के कारोबार पर प्रभावी रोकथाम और अवैध गतिविधियों के खिलाफ जनसहयोग बढ़ाने के उद्देश्य से महिला कमांडो टीमों का गठन किया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम पिसौद में 80 महिलाओं की महिला कमांडो टीम का गठन किया गया.
यह कार्यक्रम ग्राम पिसौद के कूटी आश्रम परिसर में आयोजित किया गया, जिसमें गांव के सरपंच श्री धजाराम साहू के नेतृत्व में सरपंच, पंच, बीडीसी सदस्य एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उमेश कश्यप एवं CSP कोतवाली सुश्री योगिता बाली खापर्डे के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी कोतवाली जयप्रकाश गुप्ता के निर्देशन में संपन्न हुआ.
कार्यक्रम के दौरान CSP कोतवाली सुश्री योगिता बाली खापर्डे ने नवगठित महिला कमांडो टीम को संबोधित करते हुए गांव में अवैध गतिविधियों पर निगरानी रखने, नशे के कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान करने और पुलिस को समय पर सूचना देने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिला कमांडो टीम गांव और पुलिस के बीच एक सशक्त कड़ी के रूप में कार्य करेगी, जिससे अपराधों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी.
थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता ने कार्यक्रम में उपस्थित महिला कमांडो टीम एवं ग्रामीणों को थाना का संपर्क नंबर उपलब्ध कराया और समझाइश दी कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, समस्या या अपराध की सूचना तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। साथ ही महिला कमांडो टीम को पुलिस के प्रतिनिधि के रूप में कार्य करते हुए किसी भी गंभीर स्थिति में तुरंत थाना को सूचित करने के निर्देश दिए गए.
पुलिस अधीक्षक द्वारा महिला कमांडो टीम की इस पहल की सराहना करते हुए कहा गया कि गांव में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से न केवल नशे और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण होगा, बल्कि सामाजिक माहौल भी सकारात्मक बनेगा। महिला कमांडो टीम के गठन से ग्राम पिसौद में कानून व्यवस्था मजबूत होने के साथ-साथ अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का मार्ग भी प्रशस्त होगा.
गांव में महिला कमांडो टीम के गठन को लेकर ग्रामीणों में उत्साह देखा गया और सभी ने पुलिस की इस पहल का स्वागत करते हुए सहयोग का भरोसा दिलाया.