Home छत्तीसगढ़ कोरबा में राशन वितरण व्यवस्था चरमराई: 100 दुकानों तक नहीं पहुंचा चावल,...

कोरबा में राशन वितरण व्यवस्था चरमराई: 100 दुकानों तक नहीं पहुंचा चावल, 3.57 लाख कार्डधारक प्रभावित

5
0

आकाशवाणी.इन

कोरबा, 21 फरवरी 2026/ जिले में इस माह उचित मूल्य की दुकानों में चावल का पर्याप्त भंडारण नहीं होने से सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) की व्यवस्था गड़बड़ा गई है। फरवरी माह के 20 दिन गुजर जाने के बाद भी बड़ी संख्या में राशनकार्डधारियों को चावल नहीं मिल पाया है.

जानकारी के अनुसार जिले में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 553 उचित मूल्य की दुकानें संचालित हैं, जहां से लगभग 3 लाख 57 हजार राशनकार्डधारियों को प्रति माह चावल के साथ चना, शक्कर और नमक का वितरण किया जाता है। लेकिन इस बार करीब 100 दुकानों तक चावल पहुंचा ही नहीं, जिससे हितग्राहियों को भटकना पड़ रहा है। कई दुकानों में आधे लाभार्थियों को ही चावल मिल सका है.

बताया जा रहा है कि चावल में फोर्टिफाइड चावल मिलाकर वितरण किया जाता है। फोर्टिफाइड चावल के टेंडर में देरी होने के कारण मिलरों ने नान के गोदामों में समय पर भंडारण नहीं किया। आमतौर पर एक माह पूर्व ही दुकानों में भंडारण की प्रक्रिया शुरू हो जाती है, लेकिन इस बार गोदामों में चावल देरी से पहुंचने के कारण वितरण प्रभावित हुआ.

जिले में प्रतिमाह लगभग 1 लाख 20 हजार क्विंटल चावल की आवश्यकता होती है, जबकि इस बार आधे से भी कम मात्रा में भंडारण हो पाया.

राशन कार्डधारियों को निर्धारित माह के भीतर ही चावल उठाना होता है। माह समाप्त होने पर आवंटन स्वतः लैप्स हो जाता है। ऐसे में चावल समय पर उपलब्ध नहीं होने से लोगों में चिंता बढ़ गई है.

खाद्य अधिकारी जीएस कंवर ने बताया कि गोदामों में चावल देरी से पहुंचने के कारण दुकानों में भंडारण प्रभावित हुआ। उन्होंने आश्वस्त किया कि दो दिन के भीतर सभी दुकानों में चावल का भंडारण कर लिया जाएगा। वितरण व्यवस्था पर निगरानी के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति भी की गई है, ताकि हितग्राहियों को परेशानी न हो.

जिले में राशन वितरण व्यवस्था को लेकर उपभोक्ताओं में असंतोष है और प्रशासन से शीघ्र समाधान की अपेक्षा की जा रही है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here