Home छत्तीसगढ़ KORBA: कुएं में गिरे ‘अहिराज’ का किया सफल रेस्क्यू

KORBA: कुएं में गिरे ‘अहिराज’ का किया सफल रेस्क्यू

8
0

आकाशवाणी.इन

कटघोरा वन मंडल के मार्गदर्शन में टीम की तत्परता से बची दुर्लभ प्रजाति की जान

कोरबा, 02 मार्च 2026/ जिले के हरदी बाजार क्षेत्र में एक घर के कुएं में गिरे जहरीले ‘अहिराज’ (Banded Krait) सांप का सफल रेस्क्यू कर वन विभाग की टीम ने मानव और वन्यजीव संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता का परिचय दिया। यह सांप पिछले दो दिनों से कुएं में गिरा हुआ था.

जानकारी के अनुसार, हरदी बाजार निवासी दीपक टंडन के घर के कुएं में अहिराज सांप गिर गया था। पहले दिन परिवार के सदस्यों ने मानवीय पहल करते हुए कुएं में बाल्टी लटका दी, ताकि सांप स्वयं बाहर निकल सके, लेकिन अगले दिन भी वह कुएं में ही तैरता मिला। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए इसकी सूचना तत्काल वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम ‘नोवा नोवा’ को दी गई.

सूचना मिलते ही रेस्क्यूअर जितेंद्र सारथी ने मामले की जानकारी कटघोरा वन मंडल के डीएफओ कुमार निशांत को दी। उनके मार्गदर्शन में टीम सुबह 6 बजे ही करीब 34 किलोमीटर दूर हरदी बाजार के लिए रवाना हुई। गांव पहुंचकर निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। लगभग आधे घंटे की मशक्कत के बाद सांप को बाल्टी की सहायता से सुरक्षित बाहर निकाला गया और विशेष थैले में रखकर संरक्षित किया गया.

रेस्क्यू के बाद जितेंद्र सारथी ने बताया कि अहिराज अत्यंत विषैला होने के बावजूद स्वभाव से शांत होता है। यह अन्य सांपों को खाकर उनकी संख्या नियंत्रित करता है और जैव-विविधता के संतुलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। आवश्यक पंचनामा तैयार करने के बाद सांप को सुरक्षित प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया.

डीएफओ कुमार निशांत ने अपील करते हुए कहा कि वन्यजीव पर्यावरण की अमूल्य धरोहर हैं। Banded Krait (अहिराज) दुर्लभ प्रजाति है, जो प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में सहायक है। ऐसे जीव घरों में दिखें तो उन्हें नुकसान न पहुंचाएं, बल्कि तत्काल वन विभाग या अधिकृत रेस्क्यू टीम को सूचना दें.

उल्लेखनीय है कि Banded Krait (अहिराज) वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की अनुसूची–2 के अंतर्गत संरक्षित प्रजाति है। इसे मारना, पकड़ना या नुकसान पहुंचाना दंडनीय अपराध है, जिसके लिए जुर्माना एवं कारावास का प्रावधान है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here