Home छत्तीसगढ़ अंजनीकुंज में नवनिर्मित डोम का लोकार्पण, जनसेवा को किया गया समर्पित

अंजनीकुंज में नवनिर्मित डोम का लोकार्पण, जनसेवा को किया गया समर्पित

4
0

आकाशवाणी.इन

कोरबा, 24 मार्च 2026/ नगर पालिक निगम कोरबा क्षेत्र के बुधवारी बाईपास रोड स्थित अंजनीकुंज में सोमवार को नवनिर्मित डोम का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने की.

नगर निगम द्वारा वार्ड क्रमांक 28 स्थित अंजनीकुंज श्रीवास नाई समाज भवन परिसर में लगभग 30 लाख रुपये की लागत से डोम शेड का निर्माण कराया गया है, जिसे जनसेवा के लिए समर्पित किया गया। अतिथियों ने लोकार्पण पट्टिका का अनावरण कर फीता काटकर डोम का उद्घाटन किया। इस दौरान समिति द्वारा निर्मित कार्यालय भवन एवं व्यावसायिक परिसर का भी लोकार्पण किया गया.

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि कोरबा ने ग्राम पंचायत से ऊर्जा नगरी और जिले तक का सफर तय किया है, जिसमें सभी समाजों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने श्रीवास नाई समाज की भूमिका को भी सराहा और कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सभी वर्गों के हित में योजनाएं संचालित कर रही है, जिनसे लाखों लोग लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने कोरबा की जनता के प्रति आभार जताते हुए विकास कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का भरोसा दिलाया.

महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में विकास के साथ-साथ जनसुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि डोम के निर्माण से समाज को सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के लिए एक सुविधाजनक स्थान उपलब्ध हुआ है। उन्होंने राज्य सरकार और जनप्रतिनिधियों के मार्गदर्शन में नगर के विकास कार्यों को गति मिलने की बात कही.

वरिष्ठ पार्षद नरेंद्र देवांगन ने भी समाज के सहयोग और समर्थन के लिए आभार व्यक्त करते हुए सभी वर्गों के हित में कार्य करने की प्रतिबद्धता दोहराई.

कार्यक्रम के दौरान श्रीवास नाई सामाजिक कल्याण समिति का शपथ ग्रहण समारोह भी आयोजित किया गया। मंत्री श्री देवांगन ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई और उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर समाज के लोगों ने अतिथियों का शाल-श्रीफल एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया.

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, समिति के पदाधिकारी, महिला प्रकोष्ठ की सदस्याएं एवं बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here