Home छत्तीसगढ़ कोरबा निगम कॉलोनियों के आवासों की फ्री होल्ड प्रक्रिया फिर शुरू, एक...

कोरबा निगम कॉलोनियों के आवासों की फ्री होल्ड प्रक्रिया फिर शुरू, एक साल बाद खुले आवेदन

15
0

आकाशवाणी.इन

कोरबा, 24 मार्च 2026/ नगर निगम क्षेत्र की कॉलोनियों में आवासीय भवनों को फ्री होल्ड करने की प्रक्रिया एक साल बाद फिर से शुरू कर दी गई है। पूर्व में नजूल विभाग को भू-भाटक की राशि जमा नहीं होने के कारण इस प्रक्रिया पर रोक लगा दी गई थी। अब निगम द्वारा बकाया राशि जमा करने के बाद नए सिरे से आवेदन लेना प्रारंभ हो गया है, साथ ही पुराने लंबित आवेदनों पर भी कार्रवाई की जा रही है.

जानकारी के अनुसार, अविभाजित मध्यप्रदेश के समय वर्ष 1973 में 11 गांवों को शामिल कर साडा (SADA) का गठन किया गया था। इसके तहत 1990 के दशक में कोसाबाड़ी क्षेत्र में करीब 210 एकड़ से अधिक जमीन आवासीय उपयोग के लिए राजस्व विभाग से ली गई थी। बाद में यहां भूखंड और आवास विकसित कर 30 वर्ष की लीज पर आवंटित किए गए। वर्तमान में आरपी नगर, शिवाजी नगर, साडा कॉलोनी, एमपी नगर और नेहरू नगर जैसी कॉलोनियां इसी योजना के तहत विकसित हैं.

इन कॉलोनियों में मकानों और भूखंडों की लीज अवधि 30 वर्ष होने पर नवीनीकरण की प्रक्रिया अपनाई जाती है। इसी क्रम में तत्कालीन कांग्रेस सरकार द्वारा लीज पर दिए गए आवासों और जमीन को फ्री होल्ड करने की योजना लागू की गई थी, जिसके तहत हितग्राहियों को कलेक्टर गाइडलाइन के अनुसार निर्धारित शुल्क जमा करना होता है.

हालांकि, फ्री होल्ड के बाद नामांतरण के दौरान कई मामलों में जमीन सरकारी दर्ज पाई गई, जिसका प्रमुख कारण राजस्व रिकॉर्ड का अद्यतन न होना और भू-भाटक की राशि जमा नहीं किया जाना था। इस पर नजूल विभाग ने नगर निगम को लगभग 8.50 करोड़ रुपये जमा करने के निर्देश दिए थे। निगम द्वारा उक्त राशि जमा करने की प्रक्रिया पूरी किए जाने के बाद अब फ्री होल्ड की प्रक्रिया पुनः प्रारंभ कर दी गई है.

आवेदन की प्रक्रिया: आवासीय जमीन को फ्री होल्ड कराने के इच्छुक हितग्राही साकेत या संबंधित जोन कार्यालय में निर्धारित प्रारूप में आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। आवेदन प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.

इस संबंध में अपर आयुक्त नगर निगम कोरबा, विनय मिश्रा ने बताया कि फ्री होल्ड प्रक्रिया के लिए आवेदन लेना शुरू कर दिया गया है और लंबित मामलों का भी निराकरण किया जा रहा है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here