Home छत्तीसगढ़ अवैध उत्खनन पर सख्ती, 14 वाहन जब्त, जिले में नहीं थम रहा...

अवैध उत्खनन पर सख्ती, 14 वाहन जब्त, जिले में नहीं थम रहा अवैध उत्खनन और परिवहन…

4
0

आकाशवाणी.इन

बिलासपुर, 26 मार्च 2026/ बिलासपुर में खनिज विभाग के दावों के बाद भी जिले में रेत और मिट्‌टी का अवैध उत्खनन और परिवहन धड़ल्ले से हो रहा है। इस दौरान अफसरों ने मैदानी इलाकों में जाकर तीन दिन में जेसीबी, हाईवा और ट्रैक्टर समेत 14 वाहनों को जब्त किया है। जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। लेकिन, खनिज विभाग के अफसरों की लापरवाही और उदासीनता के चलते शहर से लेकर गांव तक खनिज माफिया सक्रिय हैं, जो रात के साथ-साथ दिन में खुलेआम अवैध उत्खनन और परिवहन कर रहे हैं।/.

कलेक्टर अग्रवाल की संख्ती के बाद खनिज के साथ ही राजस्व और पुलिस की टीम ने अभियान चलाकर संयुक्त रूप से कार्रवाई की। इस दौरान तीन दिनों तक चले अभियान में 14 वाहनों को जब्त किया गया है, जिनमें 1 जेसीबी, 3 हाईवा और 10 ट्रैक्टर-ट्रॉली शामिल हैं। खनिज विभाग की टीम ने 23 से 25 मार्च के बीच काठकोनी, देवरीखुर्द, खम्हरिया, सकरी, निरतु, सेंदरी, मंगला, तुर्काडीह, लोखंडी, लोफंदी, दर्रीघाट, लावर, जयरामनगर, कोटा, करही कच्छार सहित कई क्षेत्रों में जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान खम्हरिया क्षेत्र में अवैध रूप से मिट्टी उत्खनन करते हुए 1 जेसीबी और 1 ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया गया.

सकरी क्षेत्र में मिट्टी-ईंट का अवैध परिवहन करते 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी गईं। जयरामनगर क्षेत्र में गिट्टी का अवैध परिवहन करते 3 हाईवा और 1 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की गई। वहीं सेंदरी क्षेत्र में रेत का अवैध परिवहन करते 3 ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी गईं। इसके अलावा करही कच्छार, पहंदा और लोफण्डी क्षेत्रों से भी रेत के अवैध परिवहन में लिप्त 3 अन्य ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए गए। जब्त सभी 14 वाहनों को पुलिस थाना कोनी, कोटा, पुलिस सहायता केंद्र केंदा और जांच चौकी लावर में सुरक्षित रखा गया है। खनिज विभाग के उप संचालक किशोर कुमार गोलघाटे का कहना है कि, खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here