Home छत्तीसगढ़ कोरबा में श्री हनुमंत कथा को लेकर ट्रैफिक रूटमैप जारी, 28 मार्च...

कोरबा में श्री हनुमंत कथा को लेकर ट्रैफिक रूटमैप जारी, 28 मार्च से 1 अप्रैल तक विशेष यातायात व्यवस्था लागू

19
0

आकाशवाणी.इन

कोरबा, 27 मार्च 2026/ जिले में आयोजित होने जा रहे श्री हनुमंत कथा कार्यक्रम को लेकर यातायात पुलिस ने विस्तृत रूटमैप जारी कर दिया है। यह विशेष ट्रैफिक व्यवस्था 28 मार्च 2026 से 1 अप्रैल 2026 तक लागू रहेगी, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिल सके और शहर में जाम की स्थिति न बने.

जारी रूटमैप के अनुसार कथा स्थल हड़पथ क्षेत्र में बनाया गया है, जहां बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए विभिन्न मार्गों पर डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था तय की गई है। यातायात पुलिस ने मुरारी तिराहा, लखनपुर पेट्रोल पंप के पास, दीपका तिराहा, जेंजरा चौक, चक्रवका बाईपास और इमलीछापर कुसमुंडा मार्ग को प्रमुख डायवर्जन पॉइंट के रूप में चिन्हित किया है.

वीआईपी वाहनों के लिए ग्राम हड़पथ मैदान में विशेष पार्किंग की व्यवस्था की गई है, जबकि आम नागरिकों के लिए कोसाबाड़ी की ओर हड़पथ, जमनीमुड़ी रोड ईंट भट्ठा के पास दोनों ओर, वी.पी. पेट्रोल पंप के पास बांकी रोड/टीपीएस परिसर सहित अन्य स्थानों पर पार्किंग निर्धारित की गई है। प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य और अग्निशमन विभाग के वाहनों के लिए भी अलग पार्किंग स्थल तय किए गए हैं.

कार्यक्रम अवधि के दौरान बांकी नंबर 02 बस्ती पीपल पेड़ के पास, सिंघाली खदान गेट और स्कूल के आसपास के क्षेत्रों में भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित रूटमैप का पालन करें और व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here