आकाशवाणी.इन
बिलासपुर, 01 अप्रैल 2026/ शहर में लगातार हो रही एसी कॉपर वायर चोरी की घटनाओं का सिविल लाइन थाना पुलिस ने खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों सहित चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया कॉपर वायर, एसी के पार्ट्स और नगदी समेत कुल 48,500 रुपये का मशरूका बरामद किया है.
पुलिस के अनुसार थाना सिविल लाइन क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर एसी के कॉपर वायर चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम द्वारा लगातार अज्ञात चोरों की तलाश की जा रही थी। जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो कबाड़ बीनने वाले युवक चोरी किए गए एसी के कॉपर वायर को खपरगंज स्थित एक कबाड़ी दुकान में बेच चुके हैं.
सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने कबाड़ी दुकान के पास घेराबंदी कर दबिश दी, जहां से आरोपी सूरज वस्त्रकार उर्फ सूरज महरा (23) निवासी काठा कोनी रोड विघ्यासर थाना सकरी, धीरेन्द्र झारिया (30) निवासी बंधवापारा खपरगंज थाना सिटी कोतवाली तथा कबाड़ी खरीददार एहसान अली (44) निवासी खपरगंज थाना सिटी कोतवाली को मौके से गिरफ्तार किया गया.
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने जिला अभियोजन निदेशालय और रजिस्ट्री ऑफिस परिसर के पास लगे एसी से कॉपर वायर, एसी के पार्ट्स और अलमारी में रखी नगदी चोरी की थी, जिसे बाद में कबाड़ी को बेच दिया गया.
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 80 फीट कॉपर वायर जिसकी कीमत 40,000 रुपये बताई जा रही है, एसी के अन्य पार्ट्स और 8,500 रुपये नगद जब्त किए हैं। कुल बरामदगी 48,500 रुपये की है.
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजते हुए न्यायालय में पेश कर दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है.