आकाशवाणी.इन
कोरबा, 10 अप्रैल 2026/ जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना दर्री पुलिस ने चोरी के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है. मामले की शुरुआत 5 अप्रैल 2026 को हुई, जब साडा कॉलोनी निवासी कमलकांत ठाकुर (46 वर्ष) ने थाना दर्री में लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वे भेल कंपनी में सीनियर डीजीएम के पद पर कार्यरत हैं और दर्री स्थित सीएसईबी प्लांट में कंपनी का कार्य संचालित होता है। प्लांट परिसर में रखे कंपनी के लगभग 200 मीटर पावर केबल को अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर लिया गया.
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 136/2026 के तहत धारा 331(4) और 305 बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने पहले ही एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया था, जबकि अन्य आरोपी फरार चल रहे थे.
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में दर्री पुलिस लगातार फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान 9 अप्रैल 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों फरार आरोपियों को पकड़ लिया.
गिरफ्तार आरोपियों में विशाल राव उर्फ लाली (22 वर्ष), किशन कुमार गोंड उर्फ गोलू (21 वर्ष) और यश कुमार श्रीवास (20 वर्ष) शामिल हैं, जो सभी धनवारपारा कल्मीडुग्गु क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया.
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी थाना या डायल 112 पर दें। साथ ही घर और प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरा और मजबूत लॉकिंग सिस्टम का उपयोग करने तथा बाहर जाते समय सुरक्षा सुनिश्चित करने की सलाह दी गई है.
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी.