Home छत्तीसगढ़ KORBA: पाली में निर्माण कार्यों पर कलेक्टर का औचक निरीक्षण, गुणवत्ता में...

KORBA: पाली में निर्माण कार्यों पर कलेक्टर का औचक निरीक्षण, गुणवत्ता में खामियां मिलने पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

4
0

आकाशवाणी.इन

कोरबा, 11 अप्रैल 2026/ पाली विकासखंड में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का कलेक्टर कुणाल दुदावत ने शुक्रवार को औचक निरीक्षण किया और कई स्थानों पर गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य तकनीकी स्वीकृति (टीएस) के अनुरूप ही किए जाएं और किसी भी प्रकार की लापरवाही या मानकों से समझौता बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने संबंधित विभागों और निर्माण एजेंसियों को चेतावनी देते हुए कहा कि दोषपूर्ण कार्यों को तत्काल सुधारें, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कार्यस्थलों पर मैनपावर बढ़ाने और लंबित कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान एसडीएम पाली रोहित सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

ग्राम पंचायत लाफा में डीएमएफ से बन रहे चिकित्सक आवास का निरीक्षण करते समय कलेक्टर को कई गंभीर खामियां मिलीं। भवन में लगाए गए दरवाजे, प्लंबिंग और सेनेटरी फिटिंग तकनीकी प्राक्कलन के अनुरूप नहीं पाए गए। इस पर उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए अमानक दरवाजों को तुरंत हटाकर मानक अनुसार नए दरवाजे लगाने के निर्देश दिए। साथ ही भवन की पुताई की गुणवत्ता भी संतोषजनक नहीं पाई गई और कई स्थानों पर सीपेज नजर आने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने दीवारों में सीलन और दरार से बचाव के लिए डबल लेयर पुट्टी और गुणवत्तापूर्ण पेंटिंग कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा भवन तक पहुंच मार्ग के लिए सीसी रोड और पेयजल व्यवस्था के लिए बोरवेल निर्माण के निर्देश भी दिए गए.

जेमरा में निर्माणाधीन उप स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करते हुए ढलाई कार्य में कमी पाए जाने पर कलेक्टर ने उसे तोड़कर दोबारा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गुणवत्ता से समझौता करने वाले ठेकेदारों और अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

धौराभांठा में आंगनबाड़ी भवन के निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कार्य में तेजी लाने को कहा। बच्चों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उपयुक्त खिड़कियां लगाने, परिसर में जर्जर भवनों को हटाने और नए भवन निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए.

नवीन महाविद्यालय पाली में बन रहे कॉन्फ्रेंस हॉल के धीमी गति से चल रहे कार्य पर कलेक्टर ने असंतोष जताया और ठेकेदार को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर कार्य को शीघ्र पूरा करने और गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया.

इसके अलावा माखनपुर से जूनापारा तक बनी प्रधानमंत्री जनमन सड़क का निरीक्षण करते हुए अधूरे कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए। चैतुरगढ़ मार्ग के चौड़ीकरण कार्य का भी निरीक्षण कर कलेक्टर ने निर्माण विभाग को गुणवत्ता के साथ तेजी से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए.

कलेक्टर ने दोहराया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों और तकनीकी मानकों के अनुसार ही पूरे किए जाएं, ताकि आमजन को बेहतर और सुरक्षित सुविधाएं मिल सकें.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here