Home छत्तीसगढ़ सजग कोरबा–सतर्क कोरबा अभियान: 49 हिस्ट्रीशीट खोलकर बदमाशों पर कसा शिकंजा

सजग कोरबा–सतर्क कोरबा अभियान: 49 हिस्ट्रीशीट खोलकर बदमाशों पर कसा शिकंजा

4
0

आकाशवाणी.इन

कोरबा, 26 अप्रैल 2026/ जिले में अपराध नियंत्रण और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी निगरानी के उद्देश्य से पुलिस द्वारा “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अब तक कुल 49 हिस्ट्रीशीट खोली गई हैं, जिनमें 17 गुंडा बदमाश, 31 निगरानी बदमाश तथा डीजल चोरी से संबंधित 1 गैंग हिस्ट्रीशीट शामिल है.

पुलिस द्वारा नवीन हिस्ट्रीशीटरों का चयन सुनियोजित ढंग से किया गया है। इसके लिए पिछले तीन वर्षों में जेल जा चुके आरोपियों के डाटाबेस का विश्लेषण कर ऐसे व्यक्तियों को चिन्हित किया गया, जिनके खिलाफ दो या उससे अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। इन सभी पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए विशेष निगरानी रखी जा रही है.

निगरानी बदमाश श्रेणी में चोरी, लूट, डकैती और अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल आरोपियों को रखा गया है, जबकि गुंडा बदमाश श्रेणी में मारपीट, गंभीर चोट और जानलेवा हमलों जैसे अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों को शामिल किया गया है.

पुलिस ने प्रत्येक हिस्ट्रीशीटर पर अलग-अलग पुलिस कर्मियों की जिम्मेदारी तय की है, ताकि उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा सके और किसी भी आपराधिक गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित हो। साथ ही 37 प्रकरणों में आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर अभिलेख प्राप्त कर लिए गए हैं, जिससे निगरानी व्यवस्था और मजबूत हुई है.

समीक्षा के दौरान पांच हिस्ट्रीशीटरों के मृत पाए जाने पर उन्हें सूची से हटा दिया गया, जबकि पांच अन्य को व्यवहार में सुधार के आधार पर निगरानी से मुक्त कर दिया गया है.

कोरबा पुलिस ने माह के अंत तक कुल 86 हिस्ट्रीशीट खोलने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिस पर तेजी से कार्य जारी है। पुलिस का कहना है कि इस तरह की योजनाबद्ध कार्रवाई से जिले में अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगेगा और कानून-व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी.

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here