Home छत्तीसगढ़ कांकेर में बड़ा हादसा टला : बारातियों से भरी बस में लगी...

कांकेर में बड़ा हादसा टला : बारातियों से भरी बस में लगी भीषण आग, सभी यात्री सुरक्षित

2
0

आकाशवाणी.इन

कांकेर, 27 अप्रैल 2026/ छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब शादी समारोह से लौट रही बारातियों से भरी बस में अचानक आग लग गई। यह घटना राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर पुरूर थाना क्षेत्र के ग्राम जगतरा के पास हुई, जहां चलते वाहन में अचानक धुआं उठता देखा गया और कुछ ही देर में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस में सवार बारातियों ने जैसे ही आग की लपटें देखीं, तुरंत सतर्कता दिखाते हुए वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई.

प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था, लेकिन समय रहते सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल गए.

हादसे के बाद सभी बाराती वैकल्पिक साधनों से अपने गंतव्य बालोद के लिए रवाना हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आग लगने के सटीक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here