Home छत्तीसगढ़ CGBSE Result : रिजल्ट की उलटी गिनती शुरू… 10वीं-12वीं के नतीजों पर...

CGBSE Result : रिजल्ट की उलटी गिनती शुरू… 10वीं-12वीं के नतीजों पर टिकी लाखों छात्रों की नजर, इस दिन हो सकता है ऐलान…

17
0

आकाशवाणी.इन

रायपुर, 28 अप्रैल 2026/ छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम को लेकर सस्पेंस अब अपने अंतिम दौर में पहुंच गया है। ताजा जानकारी के अनुसार बोर्ड जल्द ही नतीजों की घोषणा कर सकता है और संभावना जताई जा रही है कि 29 या 30 अप्रैल को रिजल्ट जारी किया जा सकता है। इसे लेकर लाखों छात्र-छात्राएं और अभिभावक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.

मंडल की सचिव पुष्पा साहू ने बताया कि उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य पूरी तरह संपन्न हो चुका है। फिलहाल काउंटिंग मिलान और रिजल्ट तैयार करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। जैसे ही यह प्रक्रिया पूरी होगी, बोर्ड आधिकारिक रूप से परिणाम घोषित कर देगा। बोर्ड की ओर से संकेत दिए गए हैं कि किसी भी समय रिजल्ट जारी करने की घोषणा की जा सकती है.

इस वर्ष छत्तीसगढ़ बोर्ड की परीक्षाएं 20 और 21 फरवरी से शुरू होकर 18 मार्च तक चली थीं। हालांकि इस दौरान हिंदी पेपर लीक होने का मामला सामने आने के बाद 10 अप्रैल को दोबारा परीक्षा आयोजित करनी पड़ी थी। इस घटनाक्रम के चलते रिजल्ट जारी करने में देरी हुई। पहले बोर्ड ने 15 अप्रैल तक परिणाम घोषित करने की योजना बनाई थी, लेकिन परिस्थितियों के कारण तारीख आगे बढ़ गई.

आंकड़ों की बात करें तो इस साल कक्षा 10वीं (हाईस्कूल) में कुल 3,20,535 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था, जबकि कक्षा 12वीं (हायर सेकेंडरी) में 2,45,785 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए। बड़ी संख्या में विद्यार्थी अब अपने रिजल्ट का इंतजार कर रहे हैं, क्योंकि इसके आधार पर ही वे आगे की पढ़ाई और विभिन्न प्रवेश परीक्षाओं में हिस्सा ले सकेंगे.

पिछले साल का रिजल्ट 7 मई 2025 को जारी किया गया था, जिसमें कक्षा 10वीं का पास प्रतिशत 68.76 रहा था, जबकि कक्षा 12वीं का परिणाम 82.25 प्रतिशत दर्ज किया गया था। इस बार भी छात्रों को बेहतर परिणाम की उम्मीद है.

फिलहाल, छत्तीसगढ़ बोर्ड रिजल्ट 2026 को लेकर उत्सुकता चरम पर है और सभी की नजरें बोर्ड की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हुई हैं। जैसे ही रिजल्ट जारी होगा, छात्र मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम देख सकेंगे.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here