आकाशवाणी.इन
कोरबा, 28 अप्रैल 2026/ जिले के स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था गंभीर संकट से गुजर रही है। शिक्षा विभाग की उदासीनता और भर्ती प्रक्रिया में लगातार हो रही देरी के कारण पिछले तीन वर्षों से विषय विशेषज्ञ शिक्षकों की नियुक्ति नहीं हो पाई है। हर साल रिक्त पदों के लिए विज्ञापन जारी होते हैं, लेकिन नियमों की विसंगतियों और न्यायालयीन विवादों के चलते नियुक्ति आदेश जारी नहीं हो पा रहे हैं.
स्थिति यह है कि अंग्रेजी माध्यम के इन स्कूलों में पढ़ाई का जिम्मा अस्थायी रूप से हिंदी माध्यम के शिक्षकों को सौंपकर काम चलाया जा रहा है, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता पर असर पड़ रहा है। स्वामी आत्मानंद विद्यालय संचालन एवं प्रबंध समिति ने वर्ष 2023 में रिक्त पदों को भरने के लिए आवेदन मंगाए थे। पात्रता जांच के बाद चयन सूची भी तैयार कर ली गई, लेकिन पूरे सत्र 2023-24 में नियुक्ति नहीं हो सकी.
इसके बाद विभाग ने पुराने अभ्यर्थियों को मौका देने के बजाय 11 नवंबर 2024 को 120 पदों के लिए नई भर्ती निकाल दी। इससे नाराज अभ्यर्थियों ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया, जिससे प्रक्रिया और उलझ गई। सत्र 2025-26 के लिए दिसंबर 2025 में अभ्यर्थियों को काउंसिलिंग के लिए बुलाया गया, लेकिन यह भर्ती केवल मार्च तक यानी महज तीन महीने के लिए थी, इसलिए अधिकांश अभ्यर्थियों ने इसमें रुचि नहीं दिखाई और पद खाली रह गए.
जिला शिक्षा अधिकारी टी.पी. उपाध्याय के अनुसार, भर्ती प्रक्रिया न्यायालय में लंबित मामलों के कारण आगे नहीं बढ़ पा रही है। पात्रता और चयन को लेकर बार-बार कोर्ट में चुनौती दिए जाने से प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। पिछले सत्र में काउंसिलिंग के बावजूद अभ्यर्थियों की अनुपस्थिति भी एक बड़ी वजह रही.
पसान स्थित आत्मानंद स्कूल में शिक्षकों की कमी इतनी बढ़ गई कि छात्रों को अपने अधिकार के लिए सड़क पर उतरना पड़ा। जनप्रतिनिधियों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचकर मांग रखने के बाद भी समाधान नहीं हुआ तो छात्रों ने चक्काजाम कर दिया। इसके बाद प्रशासन ने अस्थायी रूप से शिक्षकों की व्यवस्था की.
जिले के पंप हाउस, हरदीबाजार, पाली, पोड़ी उपरोड़ा, कोरबी, पसान, बालको, करतला, कटघोरा, तिलकेजा, जमनीपाली, गोपालपुर, कुसमुंडा, दीपका और बांकीमोंगरा स्थित आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में बड़ी संख्या में विषय शिक्षकों के पद खाली हैं। इन 90 पदों के लिए 13 सितंबर 2023 को विज्ञापन जारी हुआ था, जबकि बरपाली, जिल्गी और छुरी के 44 पदों के लिए 27 सितंबर 2023 को पहली बार भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई थी.
लगातार टलती भर्ती प्रक्रिया और विभागीय लापरवाही का खामियाजा सीधे तौर पर छात्रों को भुगतना पड़ रहा है। यदि जल्द ही नियुक्तियां नहीं होतीं, तो इन स्कूलों की अंग्रेजी माध्यम शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो सकते हैं.