Home छत्तीसगढ़ कोरबा में ट्रेलर चालक से लूट का खुलासा: बांगो पुलिस ने 2...

कोरबा में ट्रेलर चालक से लूट का खुलासा: बांगो पुलिस ने 2 आरोपियों को किया गिरफ्तार, बोलेरो वाहन और रकम बरामद

7
0

आकाशवाणी.इन

कोरबा, 29 अप्रैल 2026/ जिले में चलाए जा रहे “सजग कोरबा सतर्क कोरबा” अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रेलर चालक से लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को थाना बांगो पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन और लूटी गई रकम का हिस्सा भी बरामद किया गया है.

जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सलमान अंसारी, जो कि गढ़वा निवासी ट्रेलर चालक है, 26 अप्रैल 2026 को अंबिकापुर से कोयला लेकर रायपुर की ओर जा रहा था। देर रात करीब 2 बजे हसदेव नदी के पास ट्रेलर का प्रेशर कम होने पर उसने वाहन सड़क किनारे खड़ा कर दिया। इसी दौरान बिना नंबर की सफेद बोलेरो में सवार दो युवक वहां पहुंचे और चालक से कागजात मांगने लगे। इसके बाद उन्होंने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और चालक को जबरन अपनी गाड़ी में बैठा लिया.

आरोपियों ने चालक से 7000 रुपये नगद, पर्स में रखे 800 रुपये लूट लिए, साथ ही क्यूआर कोड के माध्यम से 1200 रुपये और 500 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर भी करा लिए। इस तरह कुल 9500 रुपये की लूट कर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए.

घटना की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद थाना बांगो पुलिस ने अपराध क्रमांक 77/2026 के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रौनक सिंह (20 वर्ष) और कुनाल रजक (19 वर्ष), दोनों निवासी तिफरा विद्युतनगर, थाना सिरगिट्टी, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की बोलेरो वाहन और लूटी गई रकम में से 800 रुपये बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों को 28 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है.

इस पूरी कार्रवाई में थाना बांगो पुलिस टीम की अहम भूमिका रही, जिसमें सहायक उपनिरीक्षक नरेंद्र डिसेना, आरक्षक जयप्रकाश यादव और रामगोपाल साहू का विशेष योगदान रहा.

कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध से जुड़ी जानकारी तुरंत नजदीकी थाना, चौकी या पुलिस कंट्रोल रूम को दें। पुलिस का कहना है कि जनता की सतर्कता से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here