आकाशवाणी.इन
खरगोन, 02 मई 2026/ मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां 15 वर्षीय नाबालिग लड़की अपने प्रेमी की कहीं और सगाई होने से नाराज होकर 150 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई. इस घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और प्रशासनिक अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए. यह घटना खरगोन जिला मुख्यालय से करीब 80 किलोमीटर दूर बड़वाह थाना क्षेत्र के कटघड़ा गांव की है. भीषण गर्मी के बीच दोपहर के समय अचानक गांव की एक नाबालिग लड़की मोबाइल टावर पर चढ़ गई. देखते ही देखते यह मामला पूरे गांव में फैल गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए.
लड़की के टावर पर चढ़ने के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई. नीचे लोगों की भीड़ जमा हो गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. सूचना मिलते ही बड़वाह एसडीएम सत्यनारायण दर्रा और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया. अधिकारियों ने काफी देर तक लड़की को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई. करीब तीन घंटे तक यह हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा. तेज गर्मी और ऊंचाई पर लड़की के फंसे रहने से प्रशासन की चिंता और बढ़ गई.
स्थिति गंभीर होती देख लड़की के जीजा और टावर कंपनी के एक कर्मचारी ने जान जोखिम में डालकर टावर पर चढ़ने का फैसला किया. दोनों ने लगभग एक घंटे तक ऊपर लड़की को समझाया. समझाइश के बाद आखिरकार लड़की नीचे उतरने के लिए तैयार हुई. नीचे उतरने के बाद लड़की को सुरक्षित तरीके से प्रशासन के हवाले किया गया. पुलिस और प्रशासन ने तुरंत उसे मेडिकल और काउंसलिंग के लिए भेज दिया. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लड़की गांव के ही एक वयस्क युवक से प्रेम करती है. कुछ दिन पहले युवक की सगाई कहीं और तय हो गई थी, जिससे लड़की बेहद आहत थी. इसी कारण वह मानसिक रूप से परेशान थी और गुस्से में यह कदम उठा लिया. स्थानीय लोगों के अनुसार, लड़की ने पहले भी आत्महत्या की कोशिश की थी और उसने जहर खाकर जान देने का प्रयास किया था. इस घटना ने प्रशासन की चिंता और बढ़ा दी है.
घटना के दौरान लड़की ने अपने प्रेमी को बुलाने की भी मांग की थी. युवक मौके पर पहुंचा भी, लेकिन उसके बाद वहां स्थिति बिगड़ गई और परिजनों ने उसे पीट दिया, जिसके बाद उसे वहां से हटा दिया गया. ग्राम सरपंच रामेश्वर चौहान ने बताया कि लड़की अब सुरक्षित है और उसे काउंसलिंग के लिए भेजा गया है. उन्होंने कहा कि यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है और मानसिक तनाव का परिणाम है. एसडीएम बड़वाह सत्यनारायण दर्रा ने बताया कि लड़की को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है और उसका काउंसलिंग प्रोसेस शुरू कर दिया गया है. प्रशासन का प्रयास है कि उसे मानसिक रूप से मजबूत बनाया जाए और ऐसी स्थिति दोबारा न बने. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और लड़की की काउंसलिंग जारी है. यह घटना गांव में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोगों में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं.