Home छत्तीसगढ़ बिजली की आंख-मिचौली से उपभोक्ता परेशान, कांग्रेस ने उठाए सवाल

बिजली की आंख-मिचौली से उपभोक्ता परेशान, कांग्रेस ने उठाए सवाल

3
0

आकाशवाणी.इन

कोरबा, 07 मई 2026/ कोरबा शहर सहित उपनगरीय क्षेत्रों दर्री, जमनीपाली, बालको और कुसमुंडा में लगातार हो रही बिजली की आंख-मिचौली से उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है। बढ़ती गर्मी और उमस के बीच बार-बार बिजली गुल होने से आमजन हलाकान हैं। इस मुद्दे को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष मुकेश राठौर ने बिजली व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं.

प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए उन्होंने कहा कि बिजली सप्लाई बार-बार बाधित होने से एसी, टीवी, पंखे, फ्रिज समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खराब हो रहे हैं। वहीं लो-वोल्टेज की समस्या ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। उन्होंने दावा किया कि अप्रैल माह में 215 से अधिक बार विद्युत सप्लाई बाधित हुई, जो अघोषित बिजली कटौती को दर्शाता है.

मुकेश राठौर ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में तत्कालीन मंत्री जयसिंह अग्रवाल के प्रयासों से वर्ष 2022-23 में जमनीपाली-दर्री, एमपी नगर, दादरखुर्द, खरमोरा और पावर हाउस मार्ग में चार नए सब-स्टेशन का निर्माण कराया गया था, ताकि बिजली समस्या से राहत मिल सके। हालांकि, जमनीपाली सब-स्टेशन अब तक शुरू नहीं हो पाया है, जिसके कारण क्षेत्र में लो-वोल्टेज और बार-बार बिजली बंद होने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं.

उन्होंने कहा कि गर्मी और बरसात के मौसम में आंधी-तूफान या तकनीकी फॉल्ट आने पर घंटों तक बिजली बहाल नहीं हो पाती। यदि नए सब-स्टेशन शुरू हो जाएं तो इस समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकती है.

कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि कोरबा शहर सहित दर्री, जमनीपाली, बालको और कुसमुंडा क्षेत्रों में लगे अधिकांश ट्रांसफार्मरों के पैनल बोर्ड जर्जर स्थिति में हैं। कई जगहों पर पैनलों के दरवाजे और ग्रिप गायब हैं तथा खुले तारों के सहारे काम चलाया जा रहा है, जो कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है.

उन्होंने कहा कि प्रदेश में बिजली दरों में लगातार बढ़ोतरी के बावजूद उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। समस्या का समाधान नहीं होने पर जनता उग्र आंदोलन करने को मजबूर हो सकती है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here