Home कोरबा न्यूज़ कुदमुरा में कैरियर गाइडेंस सेमिनार का सफल आयोजन, विद्यार्थियों को मिली उज्ज्वल...

कुदमुरा में कैरियर गाइडेंस सेमिनार का सफल आयोजन, विद्यार्थियों को मिली उज्ज्वल भविष्य की दिशा

74
0

आकाशवाणी.इन

कोरबा, कुदमुरा/ 20 मई 2026/ राठिया कंवर विकास समिति कोरबा के सौजन्य से कुदमुरा में कक्षा 10वीं एवं 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए कैरियर गाइडेंस सेमिनार का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्रीमती रचना महेश राठिया (सरपंच), दुर्गा प्रसाद राठिया (ग्राम पटेल), नीरज मिश्रा (SMDC अध्यक्ष) तथा समिति के विद्वतजनों सर्वश्री दुबराज राठिया, रामलाल राठिया, मनमोहन सिंह राठिया, करम सिंह राठिया, यादन सिंह राठिया, सागर सिंह राठिया एवं दुबराज सिंह कंवर के विशिष्ट आतिथ्य में संपन्न हुआ.

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती, छत्तीसगढ़ महतारी एवं भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के तैलचित्र पर पूजन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया.
सेमिनार में विभिन्न विषय विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को उनके भविष्य निर्माण हेतु महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया। रामलाल राठिया ने 10वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों को कला, विज्ञान, कॉमर्स एवं एग्रीकल्चर संकाय का चयन अपनी रुचि अनुसार करने तथा आईटीआई एवं पॉलिटेक्निक जैसे तकनीकी क्षेत्रों में अध्ययन कर रोजगार प्राप्त करने की जानकारी दी.
सागर सिंह राठिया ने कृषि संकाय एवं PAT परीक्षा के माध्यम से कृषि क्षेत्र में कैरियर निर्माण की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। वहीं श्री दुबराज सिंह राठिया ने विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों को NEET के माध्यम से MBBS, BDS, BAMS, BHMS, BUMS, नर्सिंग एवं वेटरनरी जैसे क्षेत्रों में अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने पैरामेडिकल एवं नर्सिंग कोर्स जैसे BPT, BMLT एवं B.Sc. रेडियोलॉजी के महत्व पर भी विस्तार से चर्चा की.
उन्होंने PCM विषय के विद्यार्थियों को JEE Main एवं Advance परीक्षा के माध्यम से IIT में प्रवेश लेकर कंप्यूटर साइंस, मैकेनिकल, सिविल, इलेक्ट्रिकल, डाटा साइंस, AI, आर्किटेक्चर, डिफेंस सर्विस, मर्चेंट नेवी एवं कमर्शियल पायलट जैसे क्षेत्रों में कैरियर बनाने के अवसर बताए। करम सिंह राठिया ने कला संकाय के विद्यार्थियों को शिक्षक, व्याख्याता, प्रोफेसर बनने तथा CGPSC एवं UPSC जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी संबंधी जानकारी दी। यादन सिंह राठिया ने कॉमर्स विषय से CA एवं शिक्षण क्षेत्र में संभावनाओं पर प्रकाश डाला.

मनमोहन सिंह राठिया ने SSC के माध्यम से विभिन्न शासकीय विभागों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय श्रेणी की नौकरियों के अवसरों की जानकारी विद्यार्थियों को दी.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सरपंच रचना महेश राठिया ने आयोजन की सराहना करते हुए विद्यार्थियों से विशेषज्ञों द्वारा दिए गए मार्गदर्शन को जीवन में अपनाने की अपील की। ग्राम प्रमुख दुर्गा प्रसाद राठिया ने विद्यार्थियों को अध्ययन के साथ-साथ संस्कारयुक्त एवं निष्कलंक जीवन जीने का संदेश दिया.
भाजपा प्रदेश अजजा प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष टिकेश्वर सिंह राठिया ने RKVS टीम कोरबा को धन्यवाद देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को आगे बढ़ने की नई दिशा प्रदान करते हैं। कार्यक्रम को उपसरपंच मोंगरा यादव, पंच गीता यादव एवं SMDC अध्यक्ष नीरज मिश्रा ने भी संबोधित किया.
कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन प्रभारी प्राचार्य रागिनी रात्रे ने किया तथा इसे विद्यार्थियों के भविष्य के लिए मील का पत्थर बताया। कार्यक्रम का सफल संचालन व्याख्याता दुबराज सिंह कंवर एवं नरेशचंद्र पटेल ने किया.
कार्यक्रम में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय कुदमुरा, हाईस्कूल चचिया, सहित आसपास के ग्रामों के विद्यार्थी, जनप्रतिनिधि अनिल राठिया पंच, हिमांचल प्रधान पंच, रुक्मणी राठिया पंच, तुलसी राठिया, कुंजराम राठिया पालक सहित कुदमुरा स्टाफ के जगेश कुमार राठिया व्याख्याता, सुश्री नसीम खान विद्यामितान, चुरामणी, विशु केंवट, लिंगेश्वर पटेल, परमानंद राठिया, त्रिलोकी नाथ प्रधान सहित पालक गण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे.
उक्त जानकारी देते हुए मानसिंह राठिया ने बताया कि शहरों में विद्यार्थियों को कैरियर मार्गदर्शन देने के लिए बड़े स्तर पर शुल्क लेकर इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, लेकिन वनांचल एवं ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को नि:शुल्क कैरियर मार्गदर्शन उपलब्ध कराना समिति का सराहनीय प्रयास है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण प्रतिभाओं को सही दिशा देने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास एवं उच्च लक्ष्य प्राप्त करने की प्रेरणा भी प्रदान करते हैं.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here