आकाशवाणी.इन
अंबिकापुर, 08 जून 2026/ छत्तीसगढ़ की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सडक़ हादसे में घायलों की मदद की। वे खुद अपने वाहन से उतर गईं और घायलों को उससे मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवाया। बाद में वे दूसरे वाहन से अपने गृहग्राम के लिए रवाना हो गईं। मंत्री की इस संवेदनशीलता की हर कोई सराहना कर रहा है। दरअसल रविवार की दोपहर अंबिकापुर रेलवे स्टेशन के पास स्कूटी और ऑटो में टक्कर हो गई थी.
इस दौरान मंत्री रायपुर से वापस लौटने के दौरान घटनास्थल के पास से गुजर रहीं थी। इसी बीच सडक़ पर पड़े घायलों को देेखकर उन्होंने अपनी कार रुकवाई और घायलों की मदद की.
महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी रावजाड़े रविवार की दोपहर रायपुर से अपने काफिले के साथ अंबिकापुर पहुंची थीं। अंबिकापुर से वे अपने गृहग्राम सूरजपुर जिले के बीरपुर जा रही थी। वे अंबिकापुर रेलवे स्टेशन के सामने नेशनल हाइवे पर पहुंची ही थीं कि 2 युवक सडक़ पर घायल अवस्था में पड़े थे तथा कराह रहे थे.
यह देखते ही उन्होंने अपनी कार रुकवाई और पूछताछ शुरु की। पता चला कि स्कूटी और ऑटो रिक्शा में टक्कर के बाद दोनों युवक घायल हो गए हैं। इसके बाद मंत्री ने अपने वाहन से दोनों घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवाया। उन्होंने डॉक्टरों को फोन निर्देशित भी किया कि वे घायलों का तत्काल और उचित इलाज की व्यवस्था करें। मंत्री की इस संवेदनशील पहल की वहां मौजूद हर किसी ने सराहना की। मंत्री ने अपने इस कार्य से मानवता की मिसाल पेश की है.