आकाशवाणी.इन
Cg, 23 जून 2026/ छत्तीसगढ़ कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा, मजबूती और व्यापक जनाधार प्रदान करने के उद्देश्य से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अभनपुर में नवनियुक्त जिला कांग्रेस अध्यक्षों के लिए आयोजित विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लिया और सभी जिला अध्यक्षों एवं कांग्रेस पदाधिकारियों को संबोधित किया.
अपने संबोधन में राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। संगठन की मजबूती तभी संभव है जब प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझे और उनके समाधान के लिए संघर्ष करे। उन्होंने जिला कांग्रेस अध्यक्षों को संगठन की रीढ़ बताते हुए कहा कि उन्हें अपने जिलों में बूथ स्तर तक कांग्रेस की विचारधारा और जनसेवा के संकल्प को पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य करना होगा.
इसके पश्चात राहुल गांधी ने छत्तीसगढ़ कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक भी की। बैठक में छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट, छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव, पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, कोरबा सांसद ज्योत्सना महंत सहित प्रदेश कांग्रेस के अनेक वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे.
बैठक में प्रदेश में कांग्रेस संगठन को और अधिक प्रभावी बनाने, आगामी राजनीतिक चुनौतियों का मजबूती से सामना करने तथा जनहित के मुद्दों को लेकर व्यापक जनआंदोलन खड़ा करने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई.
राहुल गांधी ने सभी वरिष्ठ नेताओं एवं पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर जनता के विश्वास को और मजबूत करें तथा कांग्रेस की विचारधारा, सामाजिक न्याय और जनहित के संकल्प को आगे बढ़ाएं.
इस अवसर पर उपस्थित सभी नेताओं ने राहुल गांधी के मार्गदर्शन को संगठन के लिए प्रेरणादायी बताते हुए संकल्प लिया कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाएगा.