Home छत्तीसगढ़ 40+ अविवाहित महिलाओं को भी महतारी वंदन योजना से जोड़ने की तैयारी

40+ अविवाहित महिलाओं को भी महतारी वंदन योजना से जोड़ने की तैयारी

1
0

आकाशवाणी.इन

लगभग 65 हजार महिलाओं को मिल सकता है योजना का लाभ

कोरबा, 14 अगस्त 2026/ छत्तीसगढ़ में महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में महतारी वंदन योजना को और व्यापक स्वरूप देने की तैयारी शुरू हो गई है। अब 40+ आयु की अविवाहित महिलाओं को भी योजना के दायरे में लाने की दिशा में प्रारंभिक गणना की गई है। इस पहल से प्रदेश की लगभग 65 हजार महिलाओं को लाभ मिलने की संभावना है। इनके लिए लगभग 78 करोड़ रुपये वार्षिक प्रावधान किए जाने की बात सामने आई है.

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती शताब्दी पाण्डे ने जानकारी देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार समाज के उन वर्गों तक भी योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दे रही है, जिन्हें अब तक इसका अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाया है। उन्होंने कहा कि 40+ की अविवाहित महिलाओं को महतारी वंदन योजना से जोड़ने की पहल सामाजिक संवेदनशीलता और महिला सम्मान का परिचायक है.
उन्होंने आगे कहा कि विशेषकर बस्तर, नियद नेल्लानार और दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाली ऐसी महिलाओं के लिए नियमित आर्थिक सहायता आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण सहारा बन सकती है। भाजपा प्रवक्ता के अनुसार सरकार का उद्देश्य प्रदेश की महिलाओं को केवल आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि उन्हें निर्णय लेने में सक्षम, आत्मनिर्भर और सामाजिक रूप से सशक्त बनाना है.

30वीं किश्त ने बढ़ाया भरोसा
महतारी वंदन योजना की 30वीं किश्त जारी होने को भी भाजपा ने महिला कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है। योजना के तहत 5 अगस्त को ई-केवाईसी पूर्ण कर चुकीं 67,20,125 महिलाओं के खातों में डीबीटी के माध्यम से 630.55 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की गई.
योजना शुरू होने के बाद अब तक 29 किश्तों में प्रदेश की महिलाओं को 18,813 करोड़ रुपये की सहायता राशि दी जा चुकी है। 30वीं किश्त के साथ योजना के अंतर्गत कुल भुगतान का आंकड़ा 19,444.33 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है.

ई-केवाईसी से पारदर्शिता पर जोर
योजना में पारदर्शिता और पात्र हितग्राहियों तक सीधे लाभ पहुंचाने के लिए ई-केवाईसी प्रक्रिया पर भी विशेष जोर दिया गया है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार लक्षित 68.69 लाख हितग्राहियों में से 67.34 लाख महिलाओं, यानी करीब 98.04 प्रतिशत, का ई-केवाईसी पूरा हो चुका है। शेष हितग्राहियों की प्रक्रिया भी जारी है.
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि महतारी वंदन योजना ने प्रदेश की महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तीकरण को नई दिशा दी है। अब 40 वर्ष से अधिक आयु की अविवाहित महिलाओं को संभावित रूप से योजना में शामिल करने की पहल इस दायरे को और विस्तृत करेगी।
उन्होंने कहा कि महिला सम्मान, आर्थिक सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को केंद्र में रखकर सरकार लगातार नई पहल कर रही है और महतारी वंदन योजना का विस्तार उसी दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here