Home एडमिनिस्ट्रेटर कोरबा कलेक्टर जनदर्शन में दिव्यांगजनों को मिली तत्काल सहायता, 6 हितग्राहियों को...

कोरबा कलेक्टर जनदर्शन में दिव्यांगजनों को मिली तत्काल सहायता, 6 हितग्राहियों को वितरित किए सहायक उपकरण

4
0

आकाशवाणी.इन

कोरबा, 08 सितंबर 2026/ कलेक्टर जनदर्शन में अपनी समस्याओं और जरूरतों को लेकर पहुंचे दिव्यांगजनों के आवेदनों पर जिला प्रशासन ने संवेदनशीलता के साथ त्वरित पहल की। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशन में 6 दिव्यांग हितग्राहियों को उनकी आवश्यकता के अनुसार तत्काल सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए। इससे हितग्राहियों को दैनिक जीवन के कार्यों, आवागमन और आत्मनिर्भरता में मदद मिलेगी.

जनदर्शन में पहुंचे दिव्यांगजनों की समस्याओं को कलेक्टर कुणाल दुदावत ने गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके निर्देशन में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कोरबा प्रतीक जैन के माध्यम से हितग्राहियों को सहायक उपकरण प्रदान किए गए.

धवईपुर कटघोरा निवासी परदेशी दास, पिता ज्ञानदास को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल प्रदान की गई। मोतीसागर पारा कोरबा निवासी गुड्डी सागर, पिता मोहनसागर को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल और वॉकर दिया गया। दर्री निवासी रामजी साव, पिता सरबजिस साव को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल प्रदान की गई.

इसी तरह कुसमुंडा निवासी ललित जांगड़े, पिता सुखीराम जांगड़े को व्हीलचेयर, दुरपा रोड कोरबा निवासी दृष्टि महंत, पिता शंकर दास को सी.पी. चेयर और जिला कोरबा निवासी निरवर, पिता मिर्जा इसराइल बेग को सी.पी. चेयर उपलब्ध कराई गई.

सहायक उपकरण मिलने से दिव्यांग हितग्राहियों के लिए दैनिक जीवन की आवश्यक गतिविधियां आसान होंगी। साथ ही आवागमन में सुविधा मिलने के साथ उन्हें सामान्य जीवन में अधिक आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी। जिला प्रशासन की इस त्वरित पहल पर हितग्राहियों ने खुशी जाहिर करते हुए प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया.

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि दिव्यांगजनों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता के साथ पूरा करना जिला प्रशासन की जिम्मेदारी है। जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों पर यथासंभव त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है, ताकि जरूरतमंद नागरिकों को शासकीय योजनाओं और सहायता का लाभ समय पर मिल सके। उन्होंने कहा कि सहायक उपकरण दिव्यांगजनों के लिए केवल सुविधा का साधन नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता, सम्मान और बेहतर जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण सहयोग हैं.

जिला प्रशासन की ओर से पात्र दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप योजनाओं और सुविधाओं का लाभ सुगमता एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने का प्रयास लगातार जारी है। इस अवसर पर अपर कलेक्टर ओंकार यादव, अपर कलेक्टर माधुरी सोम, उप संचालक समाज कल्याण विभाग सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here