Home छत्तीसगढ़ कोरबा पुलिस में बड़ा फेरबदल: 6 पुलिसकर्मियों की नवीन पदस्थापना, थाना प्रभारियों...

कोरबा पुलिस में बड़ा फेरबदल: 6 पुलिसकर्मियों की नवीन पदस्थापना, थाना प्रभारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव

27
0

आकाशवाणी.इन

कोरबा, 11 सितम्बर 2026।/ जिला पुलिस कोरबा में प्रशासनिक दृष्टिकोण से पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की नवीन पदस्थापना की गई है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने 10 सितंबर 2026 को आदेश जारी कर कुल 6 पुलिसकर्मियों को अस्थायी रूप से नवीन पदस्थापना स्थल पर पदस्थ किया है। आदेश में संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को तत्काल अपनी नई पदस्थापना पर आमद देने के निर्देश दिए गए हैं.

जारी आदेश के अनुसार निरीक्षक विरासत कुजूर को रक्षित केंद्र कोरबा से प्रभारी पुलिसकर्मी सीएसईबी की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं निरीक्षक प्रमोद उन्नसेना, जो वर्तमान में थाना प्रभारी कोतवाली के पद पर पदस्थ थे, उन्हें प्रभारी समंस वारंट सेल (पु0अ0 कार्यालय कोरबा) की जिम्मेदारी सौंपी गई है.

इसी तरह उपनिरीक्षक प्रेमचंद साहू का थाना प्रभारी कटघोरा से स्थानांतरण करते हुए उन्हें थाना प्रभारी कोतवाली बनाया गया है। उपनिरीक्षक राजेश तिवारी, जो प्रभारी पुलिसकर्मी सीएसईबी के पद पर थे, अब थाना प्रभारी कटघोरा की जिम्मेदारी संभालेंगे। इसके अलावा आरक्षक क्रमांक 483 जितेन्द्र सोनी को थाना करतला से स्थानांतरित कर थाना श्यांग पदस्थ किया गया है। वहीं आरक्षक क्रमांक 555 नरोत्तम कुमार रात्रे को थाना श्यांग से स्थानांतरित कर थाना करतला भेजा गया है.

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी संबंधित अधिकारी-कर्मचारी तत्काल अपनी नवीन पदस्थापना स्थल पर आमद देना सुनिश्चित करें। पुलिस प्रशासन की ओर से यह बदलाव जिले में कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दृष्टि से किया गया है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here