रायपुर/कोरबा:
छत्तीसगढ़ में पिछले दो दिनों से जारी मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। लगातार हो रही भारी बरसात के कारण नदी-नाले उफान पर हैं और कई जिलों में जलभराव की स्थिति निर्मित हो गई है। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार ने शनिवार, 26 सितंबर को प्रदेश के सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त स्कूलों में छुट्टी के निर्देश जारी कर दिए हैं।मौसम विभाग की भारी बारिश की चेतावनी के बाद मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने को कहा है.
शुक्रवार को कोरबा में दिखा बेबसी का भाउक नजारा
सरकार की ओर से शनिवार के लिए अवकाश का आदेश तो जारी कर दिया गया, लेकिन इससे पहले शुक्रवार को कोरबा जिले से भाउक कर देने वाली तस्वीरें सामने आईं। जहाँ स्कूल की छुट्टी होने के बाद मूसलाधार बारिश के बीच स्कूली बच्चे पूरी तरह भीगते हुए वापस लौटने को मजबूर दिखे. पानी और तेज हवाओं के बीच नन्हे-मुन्ने बच्चे छतरियां संभाले, बस्ते के साथ तरबतर होकर रास्तों से गुजरते नजर आए। कुछ अभिभावक अपने बच्चों को किसी तरह बारिश से बचाते हुए घर ले जाते दिखे, भारी बारिश के बावजूद समय पर छुट्टी का निर्णय न होने के कारण बच्चों को इस दिक्कतों का सामना करना पड़ा, जिसकी तस्वीरें आपके सामने है.
मुख्यमंत्री ने कलेक्टरों को दिए आपातकालीन निर्देश
बिगड़ते हालात को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सभी जिला कलेक्टरों और आपदा प्रबंधन (SDRF) की टीमों को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए हैं। निचले और संवेदनशील इलाकों में जलभराव की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि वे उफनते नदी-नालों को पार करने का जोखिम न उठाएं और सुरक्षित स्थानों पर रहें। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अगले 24 घंटों तक भारी बारिश का यह सिलसिला जारी रह सकता है.