Home कोरबा न्यूज़ कोरबा में सिटी बस सेवा शुरू होने से पहले ‘आप’ आक्रामक; जिला...

कोरबा में सिटी बस सेवा शुरू होने से पहले ‘आप’ आक्रामक; जिला अध्यक्ष रिचर्ड डेविड लोगन ने कलेक्टर को सौंपा 8 सूत्रीय मांग पत्र, छात्रों व बुजुर्गों के लिए की फ्री सफर की मांग

36
0

आकाशवाणी.इन

सड़कों की बदहाली सुधारने, महिलाओं के लिए सीट रिजर्वेशन और चालकों के रोजाना मेडिकल चेकअप को लेकर आम आदमी पार्टी ने बुलंद की आवाज. 

कोरबा, 14 अक्टूबर 2026/ औद्योगिक नगरी कोरबा में बहुप्रतीक्षित सिटी बस सेवा (ई-बस) की शुरुआत से ठीक पहले राजनीतिक और सामाजिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। आम नागरिकों, छात्रों और कामकाजी वर्ग की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए आम आदमी पार्टी (AAP) जिला कोरबा ने प्रशासन के सामने अपनी मांगें रखी हैं। ‘आप’ के जिला अध्यक्ष रिचर्ड डेविड लोगन के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों ने जिला कलेक्टर और नगर निगम आयुक्त को एक 8 सूत्रीय मांग पत्र सौंपकर जनहित के मुद्दों पर तत्काल ध्यान देने की अपील की है.

सड़कों के गड्ढे सुधारें, फिर दौड़ाएं बसें: रिचर्ड डेविड लोगन

आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष रिचर्ड डेविड लोगन ने दो टूक शब्दों में कहा कि शहर में गुणवत्तायुक्त सिटी बस सेवा का स्वागत है, लेकिन इसके संचालन से पहले रूटों की जर्जर सड़कों को दुरुस्त करना अनिवार्य है। बदहाल सड़कों के कारण कोई बड़ी दुर्घटना या जान-माल की हानि न हो, इसलिए पैचवर्क और सड़क मरम्मत का काम सबसे पहले होना चाहिए. 

इन प्रमुख मांगों को लेकर अड़ी ‘आप’:

पार्टी द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में आम जनता से जुड़े इन 8 प्रमुख बिंदुओं पर गंभीरता से विचार करने की मांग की गई है:

छात्रों को मिले मुफ्त सफर का तोहफा: स्कूल और कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं के उज्जवल भविष्य और आर्थिक राहत के लिए बस सेवा को पूर्णतः निःशुल्क करने की मांग।

बुजुर्गों, दिव्यांगों और सैनिकों का सम्मान: विकलांग (दिव्यांग), विधवा महिलाओं, भूतपूर्व सैनिकों और सीनियर सिटीजंस को मुफ्त यात्रा पास की सुविधा मिले।

महिला सुरक्षा सर्वोपरि: बसों में महिलाओं के लिए आगे की सीटें आरक्षित की जाएं और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम (जैसे पैनिक बटन व कैमरे) हों।

पारदर्शिता और सुरक्षा: सफर से पहले हर बस में किराया सूची, स्टॉपेज और समय-सारणी चस्पा हो। साथ ही आपातकाल के लिए अग्निशमन यंत्र (Fire Extinguisher) की मौजूदगी अनिवार्य की जाए।

चालकों का डेली मेडिकल चेकअप: यात्रियों की जान सुरक्षित हाथों में हो, इसके लिए प्रतिदिन ड्राइवरों का मेडिकल टेस्ट हो और बसों के भीतर ‘नशा निषेध’ का कड़ाई से पालन कराया जाए।

मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी!

आकाशवाणी.इन न्यूज़ पोर्टल से बात करते हुए जिला अध्यक्ष रिचर्ड डेविड लोगन ने कहा, “सिटी बस सेवा कोरबा वासियों का हक है। हम चाहते हैं कि जब यह सेवा जमीन पर उतरे, तो यह पूरी तरह सुरक्षित, सुलभ और जन-हितैषी हो। अगर प्रशासन इन वाजिब मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं करता है, तो आम आदमी पार्टी जनहित में उग्र कदम उठाने से पीछे नहीं हटेगी।”

इस दौरान आम आदमी पार्टी के कई वरिष्ठ कार्यकर्ता और स्थानीय पदाधिकारी भी मौजूद रहे, जिन्होंने इस मुहिम को शहर के विकास के लिए बेहद जरूरी बताया.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here