आकाशवाणी.इन
कोरबा, 15 अक्टूबर 2026/ छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में अवैध जुआ और सट्टा गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में बालकोनगर थाना पुलिस ने ग्राम फुटहामुड़ा स्थित पिकनिक स्पॉट पर छापेमारी कर जुआ खेल रहे 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 14 हजार 700 रुपये नगद, 7 दोपहिया वाहन, 7 मोबाइल फोन और 52 पत्ती ताश सहित जुआ खेलने में इस्तेमाल की जा रही अन्य सामग्री जब्त की है.
जानकारी के अनुसार, कोरबा पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में जुआ और अन्य अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पाटले और नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में बालकोनगर थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की.
पुलिस को 14 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम फुटहामुड़ा स्थित पिकनिक स्पॉट पर कुछ लोग सार्वजनिक स्थान पर ताश के पत्तों से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही बालकोनगर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दबिश दी। इस दौरान जुआ खेल रहे 8 लोगों को पकड़ लिया गया.
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों में विजय कुमार वर्मा (40 वर्ष), निवासी पोड़ीबहार, थाना सिविल लाइन रामपुर, हसीम कुरैशी (40 वर्ष), निवासी चिमनी भट्ठा मानिकपुर, देवेंद्र साहनी (35 वर्ष), निवासी ढोढ़ीपारा, उज्ज्वल विश्वास (38 वर्ष), निवासी कृष्णा नगर मानिकपुर, धनीराम साहू (58 वर्ष), निवासी मुड़ापार निषाद मोहल्ला, रहीस कुरैशी (49 वर्ष), निवासी मुड़ापार, आरिफ खान (38 वर्ष), निवासी मुड़ापार बाजार रोड और सूरजमल देवांगन (54 वर्ष), निवासी बुधवारी काशीनगर शामिल हैं.
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और घटनास्थल से 14,700 रुपये नगद, 7 दोपहिया वाहन, विभिन्न कंपनियों के 7 मोबाइल फोन और 52 पत्ती ताश जब्त की। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ थाना बालकोनगर में अपराध क्रमांक 614/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है.
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों से दूर रहें। साथ ही आसपास इस प्रकार की गतिविधियां संचालित होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.