Home छत्तीसगढ़ कोरबा: राशन दुकान से सामान लेने निकली 7 वर्षीय बच्ची की हत्या,...

कोरबा: राशन दुकान से सामान लेने निकली 7 वर्षीय बच्ची की हत्या, आरोपी हिरासत में

36
0

आकाशवाणी.इन

कोरबा, 23 अक्टूबर 2026/ छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के रजगामार क्षेत्र में सात वर्षीय बालिका भव्या जोशी की हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है। बालिका 19 अक्टूबर से लापता थी। उसका शव रजगामार स्थित करीम पोल्ट्री फार्म के पीछे मिला था। मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है.

जानकारी के अनुसार, सक्ती जिले के फगुरम गांव निवासी प्रकाश जोशी पिछले करीब चार महीने से अपने चार बच्चों के साथ रजगामार में रह रहे थे। वह करीम पोल्ट्री फार्म में काम कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे.

बताया गया है कि 19 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 1:30 बजे प्रकाश जोशी ने अपनी सात वर्षीय बेटी भव्या को पास की राशन दुकान से घरेलू सामान लेने भेजा था। काफी देर तक बच्ची के वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास खोजबीन करने के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला, तो उन्होंने रजगामार पुलिस चौकी में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई.

बाद में बच्ची का शव पोल्ट्री फार्म के पीछे मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया और स्थानीय लोगों में शोक एवं चिंता का माहौल निर्मित हो गया.

कोरबा पुलिस के अनुसार, रजगामार चौकी क्षेत्र में सात वर्षीय बालिका की हत्या के मामले में एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है। आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया है कि प्रकरण के संबंध में विस्तृत जानकारी पृथक से दी जाएगी.

फिलहाल मामले में पुलिस की जांच जारी है। आरोपी की भूमिका, घटना के पीछे के कारणों तथा अन्य तथ्यों के संबंध में विस्तृत जानकारी पुलिस की आधिकारिक पुष्टि के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here