Home छत्तीसगढ़ कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने कोरबा रेलवे स्टेशन से भारत गौरव...

कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने कोरबा रेलवे स्टेशन से भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

9
0

आकाशवाणी.इन

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत 850 श्रद्धालु जगन्नाथ पुरी के लिए रवाना

कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने यात्रियों को दी शुभकामनाएं

कोरबा, 23 अक्टूबर 2026/ मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत बिलासपुर संभाग के लगभग 850 श्रद्धालु जगन्नाथ पुरी मंदिर, लिंगराज मंदिर और कोणार्क मंदिर के दर्शन के लिए रवाना हुए। कोरबा रेलवे स्टेशन से भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन को वाणिज्य एवं उद्योग, वाणिज्यिक कर (आबकारी) तथा श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन, महापौर संजू देवी राजपूत और जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने तीर्थयात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए उनकी सुखद और मंगलमय यात्रा की कामना की.

बुजुर्गों के तीर्थ दर्शन का सपना साकार कर रही योजना

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में शुरू की गई मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से बुजुर्गों को तीर्थ यात्रा का अवसर मिलता था। सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस जनकल्याणकारी योजना को फिर से शुरू किया है। मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सफाई कर्मियों के पैर धोकर उनका सम्मान करते हैं। इसी भावना के साथ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय प्रदेश के बुजुर्गों को तीर्थ दर्शन का अवसर प्रदान कर उनका सम्मान और अभिनंदन कर रहे हैं। यह योजना बुजुर्गों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और सेवा भाव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज इस योजना के तहत पहली ट्रेन कोरबा जिले से रवाना की जा रही है, जो सभी के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने श्रद्धालुओं को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार बुजुर्गों की आस्था का सम्मान करने और उनके तीर्थ दर्शन के सपनों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है.

तीर्थ यात्रा बुजुर्गों के लिए सपने से कम नहीं – महापौर

महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि तीर्थ यात्रा करना हर बुजुर्ग का सपना होता है, लेकिन आर्थिक और अन्य साधनों की कमी के कारण कई बार वे अपनी यह इच्छा पूरी नहीं कर पाते। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार इस योजना के माध्यम से बुजुर्गों के तीर्थ दर्शन का सपना साकार कर रही है। यह उनके लिए आनंद और सम्मान का अवसर है.

इस अवसर पर प्रेम कुमार साहू, फिरत राम साहू, समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक, नगर निगम के अपर आयुक्त पवन वर्मा, प्रफुल्ल तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here