आकाशवाणी.इन
कोरबा, 24 अक्टूबर 2026/ जिला मुख्यालय के रजगामार क्षेत्र में मासूम बच्ची की निर्मम हत्या के विरोध में आरोपी को जल्द फांसी की सजा दिलाने व पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए कोरबा प्रेस क्लब ने एक बड़ा कदम उठाया है। प्रेस क्लब के पदाधिकारियों और सदस्यों द्वारा आरोपी को शीघ्र अति शीघ्र फांसी की सजा देने की मांग को लेकर शहर में एक विशाल कैंडल मार्च निकाला जाएगा.
इस कैंडल मार्च के जरिए पत्रकार जगत और स्थानीय नागरिक प्रशासन व न्यायपालिका से पुरजोर मांग करेंगे कि इस संवेदनशील मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में की जाए, ताकि अपराधी को बिना किसी देरी के उसके किए की कड़ी से कड़ी सजा मिल सके.
मासूम को न्याय दिलाने एकजुट हुआ मीडिया
घटना को लेकर पूरे जिले में भारी आक्रोश व्याप्त है। कोरबा प्रेस क्लब के अध्यक्ष नौशाद खान और वरिष्ठ पदाधिकारियों ने कहा कि अबोध बच्ची के साथ हुई इस दरिंदगी और उसकी हत्या ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। ऐसे अपराधियों के लिए समाज में कोई जगह नहीं होनी चाहिए। कानून के जरिए आरोपी को जल्द से जल्द फांसी के फंदे तक पहुंचाना ही उस मासूम के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी.
आम जनता से शामिल होने की अपील
कोरबा प्रेस क्लब ने इस न्याय की लड़ाई में शहर के सामाजिक संगठनों, छात्र संघों, प्रबुद्ध जनों और आम नागरिकों से बड़ी संख्या में कैंडल मार्च में शामिल होने की अपील की है। प्रेस क्लब का कहना है कि यह मार्च केवल एक विरोध प्रदर्शन नहीं है, बल्कि भविष्य में हमारी बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अपराधियों के हौसले पस्त करने के लिए एक सामूहिक आवाज है.

तिलक भवन में शोक सभा के बाद शाम 5:30 बजे कैंडल मार्च
मासूम को श्रद्धांजलि देने प्रेस क्लब तिलक भवन में शोक सभा का आयोजन किया जाएगा, जिसके तुरंत बाद तिलक भवन से टीपी नगर चौक तक विशाल कैंडल मार्च निकाला जाएगा। रजगामार क्षेत्र में हुई मासूम बच्ची की निर्मम हत्या के विरोध में और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए प्रेस क्लब के सभी पदाधिकारी,सदस्य,पत्रकार साथी और शहर के जागरूक नागरिक इस आंदोलन में शामिल होंगे.
शोक सभा में मृत बच्ची की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा जाएगा, जिसके बाद हाथों में मोमबत्तियां लेकर सभी टीपी नगर चौक की ओर कूच करेंगे। इस कैंडल मार्च के जरिए शासन-प्रशासन से आरोपी को शीघ्र अति शीघ्र फांसी की सजा देने की पुरजोर मांग की जाएगी.