आकाशवाणी.इन
आकाशवाणी.इन ने 26 जून को ही किया था आगाह; चेतावनी के बाद भी सोती रही पुलिस, अब पूरा बोर्ड ही ले गए चोर
दर्री (कोरबा), 25 अक्टूबर 2026/ ऊर्जाधानी के दर्री क्षेत्र में इन दिनों चोरों के हौसले बुलंद हैं। पुलिस की कथित सुस्ती का फायदा उठाकर चोर गिरोह लगातार वारदातों को अंजाम दे रहा है। हद तो तब हो गई जब बेखौफ चोरों ने मुख्य मार्ग के किनारे लगे उस सूचक साइन बोर्ड (Sign Board) पर ही हाथ साफ कर दिया, जिस पर महापौर संजू देवी राजपूत और स्थानीय पार्षद सीता पटेल की तस्वीरें लगी हुई थीं.
बताया जा रहा है कि चोरी हुई यह साइन बोर्ड कीमती स्टील से बना हुआ था जो काफी भारी-भरकम था। चोरों ने इसे केवल नुकसान नहीं पहुंचाया, बल्कि कबाड़ बाजार में ऊंचे दामों पर बेचने की नीयत से या फिर किसी और इरादे से इस कीमती व वजनी बोर्ड को ही उखाड़कर पार कर दिया। इतने भारी बोर्ड को बिना किसी वाहन या बिना समय लगाए ले जाना नामुमकिन है, जिससे साफ है कि चोर पूरी तैयारी के साथ आए थे.

सुरक्षा गार्डों की तैनाती के बावजूद महज 200 कदम दूरी से चोरी
इस घटना का सबसे हैरान करने वाला पहलू यह है कि जहां से यह साइन बोर्ड चोरी हुआ है, वहां से महज दो सौ कदम की दूरी पर ही HTTP का बैरियर स्थित है। इस बैरियर पर चौबीसों घंटे सुरक्षा गार्ड तैनात रहते हैं. सुरक्षाकर्मियों की इतनी नजदीक मौजूदगी और व्यस्त मार्ग होने के बावजूद चोरों ने बडे ही बेखौफ अंदाज में इस वारदात को अंजाम दिया. इससे साफ पता चलता है कि पुलिसिंग का खौफ नहीं होने से कबाड़ चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं और अब उन्हें महापौर-पार्षद का भी डर नहीं रह गया है.
चोरों के हौसले किस कदर बुलंद हैं
आकाशवाणी.इन की चेतावनी सच साबित हुई

26 जून 2026 की फोटो
इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि आकाशवाणी.इन न्यूज़ पोर्टल ने बीते चार माह पूर्व 26 जून को “दर्री क्षेत्र में चोरों का तांडव: मुख्य मार्ग पर लगे महापौर व पार्षद की फोटो के साथ वार्ड क्रमांक 50 का सूचक साइन बोर्ड तोड़ने की कोशिश” शीर्षक से समाचार प्रकाशित कर पुलिस को पहले ही आगाह किया था। न्यूज़ पोर्टल ने साफ तौर पर चेताया था कि चोरों की नजर इस बोर्ड पर है और वे इसे नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन इस गंभीर चेतावनी के बाद भी दर्री पुलिस सोती रही, जिसका नतीजा आज सबके सामने है। चोरों ने अब अपनी कोशिश पूरी करते हुए सीधे बोर्ड ही पार कर दिया.







