Home छत्तीसगढ़ कोरबा में प्रजनन अवस्था में मिले दो अहिराज सांप, डेढ़ घंटे इंतजार...

कोरबा में प्रजनन अवस्था में मिले दो अहिराज सांप, डेढ़ घंटे इंतजार के बाद जितेंद्र सारथी ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

39
0

आकाशवाणी.इन

कोरबा, 27 अक्टूबर 2026/ छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के दादर क्षेत्र में एक घर के भीतर एक साथ दो अहिराज सांप मिलने से परिवार के लोग दहशत में आ गए। घटना की सूचना तत्काल वन विभाग और वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम नोवा नेचर को दी गई। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम के प्रमुख जितेंद्र सारथी मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान पता चला कि दोनों सांप प्रजनन अवस्था में थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने जल्दबाजी करने के बजाय सावधानी बरतने और सांपों को स्वाभाविक रूप से अलग होने देने का निर्णय लिया। करीब डेढ़ घंटे के इंतजार के बाद दोनों सांप अलग हुए, जिसके बाद उनका सुरक्षित रेस्क्यू किया गया.

जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 8.30 बजे की है। घर में एक साथ दो सांपों को देखकर परिवार के सदस्य घबरा गए थे। सूचना मिलने पर जितेंद्र सारथी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने परिवार के सदस्यों को समझाया कि दोनों सांप प्रजनन प्रक्रिया में हैं, इसलिए उन्हें जबरन अलग करना उचित नहीं होगा। इस दौरान आवश्यक सावधानी बरतते हुए दोनों सांपों के प्राकृतिक रूप से अलग होने का इंतजार किया गया.

करीब डेढ़ घंटे बाद नर और मादा सांप स्वतः अलग हो गए। इसके बाद जितेंद्र सारथी ने एक-एक कर दोनों का सुरक्षित रेस्क्यू किया। वन विभाग के उच्च अधिकारियों को घटना की जानकारी देने के बाद दोनों सांपों को उनके प्राकृतिक आवास जंगल में छोड़ दिया गया.

जितेंद्र सारथी ने बताया कि अहिराज सांप को अंग्रेजी में Banded Krait कहा जाता है। इसका वैज्ञानिक नाम Bungarus fasciatus है। यह अत्यंत विषैला सांप है, जिसकी चमकदार काली और पीली धारियां इसे अन्य सांपों से अलग पहचान देती हैं। यह मुख्यतः रात्रिचर होता है और सामान्यतः मनुष्यों से दूरी बनाए रखने की प्रवृत्ति रखता है। प्रजनन के दौरान इस तरह की स्थिति देखने को कम मिलती है। ऐसे में सांपों को बिना अनावश्यक परेशानी पहुंचाए सुरक्षित रेस्क्यू करना जरूरी था.

उन्होंने लोगों से अपील की कि घर या आसपास सांप दिखाई देने पर घबराकर उसे मारने या स्वयं पकड़ने का प्रयास न करें। सांपों को छेड़ने या उनके नजदीक जाने से बचें तथा तत्काल वन विभाग अथवा प्रशिक्षित वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम को सूचना दें। समय पर सूचना और सावधानी बरतने से मानव जीवन के साथ-साथ वन्यजीवों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सकती है.

सांपों के सुरक्षित रेस्क्यू के लिए संपर्क करें: वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम, नोवा नेचर — 8817534455, 7999622151

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here