कोरबा/रायपुर।श्रमिक हितों के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले, फेडरेशन 01 के पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष एवं संरक्षक प्रीतम जैन (79 वर्ष) का 12 नवंबर गुरुवार की सुबह आकस्मिक निधन हो गया। वे श्री दिगम्बर जैन बड़ा मंदिर, मालवीय रोड (रायपुर) के पूर्व अध्यक्ष एवं ट्रस्टी भी रहे हैं। उनके निधन की खबर मिलते ही समूचे श्रमिक जगत, सामाजिक क्षेत्र और संगठन के कार्यकर्ताओं में गहरा शोक व्याप्त हो गया है.
लगभग 50 वर्षों तक श्रमिकों के बीच रहकर उनके अधिकारों और हितों के लिए निरंतर संघर्ष करने वाले श्री जैन एक उच्च व्यक्तित्व के धनी थे। उनके जाने से न केवल संगठन को एक अपूर्णीय क्षति हुई है, बल्कि मजदूर वर्ग ने अपना एक सच्चा मार्गदर्शक खो दिया है.
स्व. श्री जैन की अंतिम यात्रा 12 नवंबर गुरुवार को दोपहर 3:30 बजे उनके रायपुर के बैजनाथपारा स्थित निज निवास से निकली और बूढ़ातालाब स्थित मारवाड़ी श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। वे अपने पीछे धर्मपत्नी सरिता जैन, पुत्र श्रद्धेय जैन (विक्की), भाई महेंद्र कुमार जैन (बब्बू भैया) सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं.
उनके दुखद निधन पर फेडरेशन 01 परिवार की ओर से गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई है। फेडरेशन 01 असंगठित क्षेत्र (कोरबा पश्चिम) के प्रांतीय संगठन प्रभारी बी. सी. नामदेव ने शोक संदेश जारी करते हुए कहा कि श्री जैन का संपूर्ण जीवन श्रमिकों के उत्थान और समाज सेवा के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। फेडरेशन परिवार ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को इस गहन दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है.