आकाशवाणी.इन
रेलवे स्टेशन बिंझरा के पास से चोरी हुआ था जॉन डियर ट्रैक्टर, थाना प्रभारी राजेश तिवारी के नेतृत्व में पुलिस ने पेंड्रा जिले के ग्राम गिरारी से किया बरामद
कोरबा। कटघोरा थाना क्षेत्र में करीब 14 लाख रुपये कीमत के जॉन डियर ट्रैक्टर चोरी के मामले में कटघोरा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का ट्रैक्टर बरामद कर लिया है। पुलिस ने चोरी के इस मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित जांच शुरू की और दूसरे जिले तक पहुंचकर ट्रैक्टर बरामद करने में सफलता हासिल की। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रमेश कुमार केवट के रूप में हुई है.
जानकारी के अनुसार, रेलवे निर्माण कार्य में लगी एक कंपनी का ट्रैक्टर बिंझरा रेलवे स्टेशन के पास कार्यस्थल पर मौजूद था। ट्रैक्टर चालक उसे वहां छोड़कर चले गए थे। बाद में जब ट्रैक्टर की तलाश की गई तो वह मौके से गायब मिला। इसके बाद कंपनी की ओर से कटघोरा थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई.
मामले की जांच के दौरान थाना प्रभारी राजेश तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संदेही रमेश कुमार केवट को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने ट्रैक्टर चोरी करना स्वीकार किया। उसने बताया कि बिना चाबी ट्रैक्टर को डायरेक्ट कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया और उसे दूसरे जिले में ले जाकर छिपा दिया था.
आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस टीम गोरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के ग्राम गिरारी पहुंची, जहां से चोरी किया गया जॉन डियर ट्रैक्टर बरामद कर जब्त किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
कटघोरा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से चोरी के मामले का खुलासा हुआ और करीब 14 लाख रुपये कीमत का ट्रैक्टर बरामद किया जा सका.