Home छत्तीसगढ़ दर्री पश्चिम में सड़क पर सफर या ‘ब्रेकरों की यातना’? हर सप्ताह...

दर्री पश्चिम में सड़क पर सफर या ‘ब्रेकरों की यातना’? हर सप्ताह बनते हैं, चंद दिनों में टूट जाते हैं दर्जनों गतिरोधक! आखिर किसकी जेब भरने और किसकी लापरवाही की कीमत चुका रहे लोग?

2
0

आकाशवाणी.इन

दर्री पश्चिम, कोरबा/ हसदेव ताप विद्युत गृह आवासीय परिसर के मुख्य द्वार से संयंत्र तक सड़क का बुरा हाल। दर्जनों स्पीड ब्रेकर, लेकिन किसी का आकार एक जैसा नहीं! घटिया निर्माण सामग्री और मनमानी कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल। एक ब्रेकर बनता है तो दूसरा टूट जाता है। आखिर सरकारी धन की इस कथित बर्बादी का जिम्मेदार कौन?

दर्री पश्चिम के मुख्य मार्गों की ताजा तस्वीरें व्यवस्था की बदहाली की ऐसी कहानी बयां कर रही हैं, जिसे देखकर जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठना लाजिमी है। यहां सड़क पर सफर करना अब किसी आरामदायक आवागमन जैसा नहीं, बल्कि जगह-जगह बने असमान और टूटते गति अवरोधकों से जूझने की मजबूरी बन गया है.

हैरानी की पराकाष्ठा देखिए! कॉलोनी के मुख्य द्वार से लेकर संयंत्र तक पहुंचने वाले मार्ग पर दर्जनों ब्रेकर बना दिए गए हैं, लेकिन किसी भी ब्रेकर का आकार एक जैसा नहीं है। कहीं ऊंचाई अलग, कहीं चौड़ाई अलग, कहीं सतह उखड़ी हुई तो कहीं निर्माण सामग्री सड़क पर बिखरी पड़ी है। आखिर यह किस तरह की इंजीनियरिंग है, जहां एक ही मार्ग पर गति अवरोधकों के लिए कोई एकरूपता तक दिखाई नहीं देती?

हर सप्ताह निर्माण, चंद दिनों में विनाश!

स्थानीय स्तर पर सामने आ रही शिकायतों के अनुसार यहां ब्रेकर बनाने और टूटने का सिलसिला लगातार जारी है। एक ब्रेकर का निर्माण पूरा भी नहीं हो पाता कि दूसरा क्षतिग्रस्त होने लगता है। कुछ ही दिनों में सीमेंट और गिट्टी से तैयार किए गए गति अवरोधक उखड़कर बिखर जाते हैं। सड़क पर निर्माण सामग्री के अवशेष साफ दिखाई देते हैं.

सवाल बेहद सीधा है—यदि निर्माण गुणवत्तापूर्ण है तो ब्रेकर इतनी जल्दी टूट क्यों रहे हैं? क्या निर्माण में निर्धारित मानकों के अनुरूप सामग्री इस्तेमाल की जा रही है? क्या संबंधित इंजीनियर मौके पर गुणवत्ता की जांच करते हैं? क्या ठेकेदार को भुगतान करने से पहले निर्माण की मजबूती और गुणवत्ता का परीक्षण किया जाता है?

या फिर पूरा मामला निर्माण, टूट-फूट और दोबारा निर्माण के ऐसे चक्र में फंस गया है, जिसमें परेशानी जनता की और खर्च सरकारी खजाने का हो रहा है?

गति रोकने के नाम पर सड़क को ही बना दिया गया बाधाओं का जाल!

गति अवरोधक बनाने का उद्देश्य दुर्घटनाओं को रोकना और वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना होता है। लेकिन दर्री पश्चिम के इन मार्गों पर असमान आकार और टूटे हुए ब्रेकर खुद दुर्घटनाओं को न्योता देते नजर आ रहे हैं। दोपहिया वाहन चालकों के लिए अचानक सामने आने वाले ऊंचे और क्षतिग्रस्त ब्रेकर विशेष रूप से जोखिम पैदा कर सकते हैं.

सड़क पर जगह-जगह बिखरी गिट्टियां और उखड़ी सतह इस परेशानी को और बढ़ा रही हैं। सवाल यह है कि सुरक्षित आवागमन के लिए बनाई गई व्यवस्था आखिर वाहन चालकों के लिए मुसीबत क्यों बनती जा रही है?

जिम्मेदार अधिकारी बताएं—आखिर निगरानी किसकी है?

यह कोई एक स्थान पर हुआ सामान्य निर्माण कार्य नहीं, बल्कि मुख्य द्वार से संयंत्र तक फैली समस्या है। ऐसे में संबंधित प्रबंधन, सिविल विभाग, निर्माण एजेंसी और ठेकेदार की जवाबदेही पर सवाल उठना स्वाभाविक है.

प्रबंधन को सार्वजनिक रूप से बताना चाहिए कि:

👉इन दर्जनों गति अवरोधकों का निर्माण किस एजेंसी और ठेकेदार ने कराया?

👉 क्या इनके निर्माण के लिए कोई स्वीकृत तकनीकी डिजाइन और निर्धारित माप तय किए गए थे?

👉 अलग-अलग आकार के ब्रेकर बनाने की अनुमति किसने दी?

👉 निर्माण में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता की जांच किस अधिकारी ने की?

👉 बार-बार टूटने वाले ब्रेकरों की मरम्मत और पुनर्निर्माण पर अब तक कितना सरकारी धन खर्च हुआ?

👉 यदि निर्माण में गुणवत्ता संबंधी खामी मिलती है तो संबंधित ठेकेदार और निगरानी अधिकारियों पर क्या कार्रवाई होगी?

अब खानापूर्ति नहीं, जवाबदेही चाहिए!

दर्री पश्चिम के निवासियों और संयंत्र आने-जाने वाले कर्मचारियों को आश्वासन नहीं, गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित सड़क चाहिए। संबंधित प्रबंधन को पूरे मार्ग का तकनीकी निरीक्षण कराना चाहिए। सभी गति अवरोधकों को निर्धारित मानकों और एकरूप डिजाइन के अनुरूप तैयार कराया जाए। क्षतिग्रस्त निर्माण की गुणवत्ता जांच हो और लापरवाही प्रमाणित होने पर जिम्मेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए.

दर्जनों ब्रेकर,लेकिन न कोई एकरूपता और न ही गुणवत्ता का मानक!

दर्री पश्चिम के मुख्य मार्गों पर दर्जनों गति अवरोधक बना दिए गए हैं, लेकिन हैरानी देखिए कि इन सभी का आकार अलग-अलग है। न ऊंचाई में समानता, न चौड़ाई में एकरूपता और न ही निर्माण की गुणवत्ता में कोई स्थिरता नजर आती है। ऐसा प्रतीत होता है मानो प्रत्येक ब्रेकर अपनी अलग डिजाइन और अलग माप लेकर खड़ा कर दिया गया हो.

कहीं ब्रेकर इतने ऊंचे हैं कि वाहन चालकों को अचानक तेज झटका लगता है, तो कहीं इनकी सतह उखड़कर गिट्टियों में बिखर गई है। सवाल यह है कि क्या इनका निर्माण किसी निर्धारित तकनीकी मानक और स्वीकृत डिजाइन के आधार पर किया गया है या फिर मनमाने तरीके से सड़क पर सीमेंट और गिट्टी डालकर औपचारिकता पूरी कर दी गई?

जब एक ही कॉलोनी और एक ही मार्ग पर बने दर्जनों गति अवरोधकों का आकार एक जैसा नहीं है, तो क्या संबंधित विभाग ने इनके निर्माण की कोई मानक योजना बनाई थी? आखिर निर्माण कार्य की निगरानी कौन कर रहा है?

यहां गति नियंत्रित करने के नाम पर वाहन चालकों को असमान बाधाओं से गुजरने के लिए मजबूर किया जा रहा है। अब सवाल सिर्फ टूटते ब्रेकरों का नहीं, बल्कि पूरे निर्माण तंत्र की जवाबदेही का है.

सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर दर्री पश्चिम में सड़क निर्माण और गति अवरोधकों के नाम पर यह सिलसिला कब थमेगा?

क्या यहां सड़क बनाने की जिम्मेदारी दी गई है या हर सप्ताह ब्रेकर बनाकर तोड़ने का ठेका?

जनता के पैसे से होने वाले निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और जवाबदेही कोई एहसान नहीं, बल्कि जिम्मेदारी है। अब देखना यह है कि हसदेव ताप विद्युत गृह प्रबंधन इन तस्वीरों को देखकर हरकत में आता है या फिर अगले सप्ताह एक और नया ब्रेकर बनाकर पुराने सवालों पर मिट्टी डाल दी जाती है.

आकाशवाणी.in का सवाल—सड़क पर दर्जनों ब्रेकर हैं, लेकिन निर्माण की गुणवत्ता और जिम्मेदारी तय करने वाला आखिर कौन है?

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here