Home एडमिनिस्ट्रेटर घने जंगल के बीच अब पक्के मकान में सुकून की नींद सोती...

घने जंगल के बीच अब पक्के मकान में सुकून की नींद सोती हैं शांति बाई

8
0

आकाशवाणी.इन

👉बारिश की चिंता और जंगली जानवरों के भय से मिली राहत, प्रधानमंत्री आवास योजना ने दिया सुरक्षित आशियाना

👉महतारी वंदन योजना बनी आर्थिक संबल, खेती-किसानी और वनोपज संग्रहण से भी संवार रहीं अपना जीवन

कोरबा, 28 नवंबर 2026/ घने जंगलों के बीच बसे गांव में रहने वाले परिवारों के लिए पक्का मकान केवल सिर छिपाने की जगह नहीं, बल्कि सुरक्षा और सुकून का भी आधार होता है। पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के दूरस्थ ग्राम कटमोरगा की निवासी वृद्धा शांति बाई के जीवन में प्रधानमंत्री आवास योजना ने कुछ ऐसा ही बदलाव लाया है। कभी कच्चे मकान में बारिश की चिंता और जंगली जानवरों का भय उनके मन में बना रहता था, लेकिन अब पक्का आवास मिलने से उनकी कई परेशानियां दूर हो गई हैं। उम्र के इस पड़ाव में अपने पक्के मकान में सुरक्षित महसूस करना और सुकून की नींद सो पाना उनके लिए बड़ी राहत है.

शांति बाई बताती हैं कि पहले कच्चे मकान में रहने के दौरान बारिश के दिनों में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। कटमोरगा घने जंगलों से घिरा हुआ क्षेत्र है, जहां हाथियों सहित अन्य वन्यप्राणियों का आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में कच्चे मकान में रहते हुए उन्हें अपनी सुरक्षा की चिंता भी सताती थी। प्रधानमंत्री आवास योजना से पक्का मकान मिलने के बाद बारिश से होने वाली परेशानियां कम हुई हैं और पहले की अपेक्षा सुरक्षा का एहसास भी बढ़ा है। अब वह अपने घर में अधिक निश्चिंत होकर रह पाती हैं.

हर महीने मिलने वाले एक हजार रुपये से पूरी हो रही घरेलू जरूरतें

शांति बाई को छत्तीसगढ़ शासन की महतारी वंदन योजना का भी नियमित लाभ मिल रहा है। योजना के तहत प्रतिमाह मिलने वाली एक हजार रुपये की राशि उनके लिए आर्थिक संबल बनी है। उन्होंने बताया कि इस राशि से वह अपनी छोटी-बड़ी घरेलू जरूरतों को पूरा कर पाती हैं। वृद्धावस्था में नियमित रूप से मिलने वाली यह राशि उनके दैनिक जीवन को सहज बनाने में मददगार साबित हो रही है.

उम्र के इस पड़ाव में भी मेहनत और आत्मनिर्भरता की मिसाल हैं शांति बाई

शांति बाई का जीवन जंगल और खेती-किसानी से भी गहराई से जुड़ा हुआ है। उम्र बढ़ने के बावजूद वह अपनी आजीविका के लिए सक्रिय हैं। मौसम के अनुकूल जंगलों में उपलब्ध लघु वनोपज का संग्रहण कर उसे बेचती हैं और आमदनी अर्जित करती हैं। तेंदूपत्ता संग्रहण के माध्यम से भी उन्हें अतिरिक्त आय प्राप्त होती है। शांति बाई के लिए जंगल केवल उनके गांव के आसपास का प्राकृतिक परिवेश नहीं, बल्कि आजीविका का भी महत्वपूर्ण आधार है.

वनोपज संग्रहण के साथ ही शांति बाई खेती-किसानी का कार्य भी करती हैं। उन्होंने बताया कि लगभग तीन से चार एकड़ कृषि भूमि में धान की फसल लेती हैं। उनकी खेती मुख्यतः वर्षा के पानी पर निर्भर है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा प्रति एकड़ 21 क्विंटल के मान से धान खरीदी एवं कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत आदान सहायता राशि दिए जाने के निर्णय को उन्होंने किसानों के लिए लाभकारी बताया। उनका कहना है कि शासन की किसान हितैषी योजनाओं से ग्रामीण परिवारों को आर्थिक राहत मिलती है.

सुरक्षित आवास और आर्थिक सहायता से जीवन में आया बदलाव

शांति बाई ने प्रधानमंत्री आवास योजना से पक्का मकान मिलने और महतारी वंदन योजना से प्रतिमाह आर्थिक सहायता प्राप्त होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शासन के प्रति आभार जताया है। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ मिलने से उनके जीवन की कई कठिनाइयां दूर हुई हैं.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here