Home छत्तीसगढ़ एसईसीएल सुभाष ब्लॉक कोरबा के अय्यप्पा मंदिर में अष्ठनाग पूजा संपन्न, सर्व...

एसईसीएल सुभाष ब्लॉक कोरबा के अय्यप्पा मंदिर में अष्ठनाग पूजा संपन्न, सर्व समाज ने की सहभागिता

12
3

आकाशवाणी.इन

कोरबा, 20 जनवरी 2026/ एसईसीएल सुभाष ब्लॉक स्थित श्री अय्यप्पा (शनिश्वर) मंदिर में स्वामी अय्यप्पा सेवा समिति के तत्वावधान में रविवार को विशेष अनुष्ठान अष्ठनाग पूजा का आयोजन किया गया। प्रतिष्ठा दिन महोत्सव के अवसर पर आयोजित इस पूजा का संपूर्ण विधान केरल से पधारे मुख्य तंत्री ब्रह्मश्री उन्नीकृष्णन नम्बूदिरी के सानिध्य में विधिवत संपन्न हुआ.

मलयाली समाज द्वारा केरल की परंपरा के अनुरूप आयोजित इस अनुष्ठान में सर्व समाज के श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल हुए। कालसर्प दोष निवारण सहित जीवन की विविध बाधाओं से मुक्ति की कामना के साथ श्रद्धालुओं ने अपने-अपने नाम से अनुष्ठान कराए। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन तथा भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी भी उपस्थित रहे.

रविवार शाम 7.30 बजे प्रारंभ हुआ अष्ठनाग अनुष्ठान लगभग डेढ़ घंटे तक चला। पूजा की शुरुआत मुख्य तंत्री द्वारा मंदिर परिसर में परंपरानुसार सर्पाकार रंगोली निर्माण से हुई। पूजा स्थल पर रंगोली के चारों ओर केले के तनों के साथ विशेष स्टैंड में ज्योत प्रज्ज्वलित की गई। सर्पाकार रंगोली में पाली, सफेद, लाल, हरा और काले रंग का प्रयोग किया गया, वहीं एक सर्पकलम में पांच फन वाले नागराजा का चित्र उकेरा गया था.

मान्यता के अनुसार पूजा पूर्ण होने के पश्चात नाग देवता प्रसाद स्वीकार करने स्थल तक आते हैं। इसी आस्था और विश्वास के साथ मलयाली समाज ने यह विशेष अनुष्ठान आयोजित किया.

इस अवसर पर स्वामी अय्यप्पा सेवा समिति कोरबा के अध्यक्ष राजेश सीएस ने बताया कि अष्ठनाग पूजा का विधान यजुर्वेद एवं अथर्ववेद में भी वर्णित है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार सर्वेश्वर्य एवं मनोकामना पूर्ति के लिए नागाराधना का विशेष महत्व है। यह अनुष्ठान प्राणीमात्र के भौतिक, आध्यात्मिक और मानसिक विकास में सहायक माना जाता है तथा प्रत्यक्ष सहभागिता से कालसर्प दोष और राहु दोष का निवारण होता है.

3 COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here