आकाशवाणी.इन
कोरबा, 22 जनवरी 2026/ वाल्मीकि अम्बेडकर आवास, वार्ड क्रमांक 14 में बिना किसी आधिकारिक अनुमति के बेतरतीब ढंग से बनाए गए अमानक स्पीड ब्रेकर (गति अवरोधक) से मोहल्लेवासियों की जान पर खतरा मंडरा रहा है। लगभग 200 मकानों वाले इस आवासीय क्षेत्र में आवागमन के दौरान कई लोग गिरकर चोटिल हो चुके हैं। स्पीड ब्रेकर की ऊंचाई, ढलान और स्थान मानकों के अनुरूप नहीं होने से दुर्घटना की आशंका बनी हुई है.
मंगलवार को इस संबंध में सीएसईबी चौकी में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायतकर्ताओं—सुश्री प्रियंका यादव (पिता आशा राम यादव), उर्मिला, मनोज लहरे, शहनाज, शांति, शुभम एवं मंगली बाई यादव—ने बताया कि लक्ष्मी साहू, सरस्वती साहू और कविता देवी साहू द्वारा बिना अनुमति मनमाने ढंग से स्पीड ब्रेकर बनाया गया है। जिस स्थान पर यह बनाया गया है, वहां से गुजरने वाले पैदल यात्रियों और दोपहिया चालकों को अधिक जोखिम उठाना पड़ रहा है.
शिकायत में आरोप है कि स्पीड ब्रेकर हटाने का अनुरोध करने पर संबंधित महिलाओं द्वारा आपत्तिकर्ताओं के साथ गाली-गलौज और धमकी दी जाती है। मोहल्लेवासियों की सूचना पर मौके पर पहुंची सीएसईबी चौकी पुलिस ने स्पीड ब्रेकर हटाने की समझाइश दी थी, लेकिन इसके बावजूद इसे नहीं हटाया गया। बुधवार को दोबारा शिकायत करने पर भी कार्रवाई न होने से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। आरोप है कि शिकायतकर्ताओं को भविष्य में “देख लेने” की धमकी भी दी गई.
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बिना आधिकारिक अनुमति और मानकों के विपरीत बनाए गए स्पीड ब्रेकर न केवल गैरकानूनी हैं, बल्कि आमजन की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा भी हैं। मोहल्लेवासियों ने नगर निगम और पुलिस प्रशासन से त्वरित व ठोस कार्रवाई कर स्पीड ब्रेकर हटाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता.