आकाशवाणी.इन
कोरबा, 03 अप्रैल 2026/ जिले में गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां उरगा थाना क्षेत्र के तरदा भारतमाला मार्ग पर स्कॉर्पियो और ट्रेलर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि स्कॉर्पियो सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
प्राप्त जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो में तीन लोग सवार थे, जो रायपुर की एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं और काम के सिलसिले में रायपुर से कोरबा आ रहे थे। इसी दौरान तरदा के पास उनकी गाड़ी सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए.
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची। वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर का सहारा लेना पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को बाहर निकालकर तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया.
डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया है। हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान 27 वर्षीय अरुण कुमार यादव के रूप में हुई है, जो झारखंड के गढ़वा जिले के सुनई गांव का निवासी था.
घायलों में 26 वर्षीय चंद्र प्रकाश यादव, निवासी रायपुर, और 30 वर्षीय नागेंद्र साहू, निवासी सेमरा (धमतरी) शामिल हैं। बताया जा रहा है कि तीनों कर्मचारी कंपनी के काम से दो डंपर वाहनों को रायपुर से कोरबा शिफ्ट करने जा रहे थे, इसी दौरान यह हादसा हो गया.
घटना की सूचना मिलते ही मृतक अरुण के परिजन झारखंड से कोरबा के लिए रवाना हो गए हैं। उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है.