Home छत्तीसगढ़ कोरबा पुलिस ने चोरी के दो आरोपितों को किया गिरफ्तार…

कोरबा पुलिस ने चोरी के दो आरोपितों को किया गिरफ्तार…

19
0

आकाशवाणी.इन

कोरबा, 14 अप्रैल 2026/ जिले में चलाए जा रहे “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस को चोरी के मामलों में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक नाबालिग सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नगदी और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में दर्ज चोरी के मामलों की जांच के दौरान यह सफलता मिली.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीपरपारा कोहड़िया निवासी हंसराज खाण्डे ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 1 से 6 अप्रैल के बीच परिवार के साथ विवाह कार्यक्रम में बाहर रहने के दौरान अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और नगदी, लगभग 35 किलो चावल, गैस सिलेंडर तथा होम थिएटर चोरी कर लिया.

इसी तरह एक अन्य मामले में पोड़ीबहार निवासी अटल अमित बाघ ने सिविल लाइन रामपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई कि 7 अप्रैल की शाम उनके रिश्तेदार के घर, सीएसईबी कॉलोनी में अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर अलमारी से 35 हजार रुपए नगद और चांदी के सिक्के चोरी कर लिए.

दोनों मामलों में पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना पर संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से चोरी की घटनाएं करना स्वीकार किया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं में भी शामिल रहे हैं.

गिरफ्तार आरोपियों में प्रभात दास दीवान उर्फ लाल (21 वर्ष), निवासी पुराना काशीनगर और एक विधि से संघर्षरत बालक शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1,000 रुपए नगद और चोरी में उपयोग की गई एक मोटरसाइकिल जब्त की है। आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है। नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। मामले की आगे की जांच जारी है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि घर से बाहर जाते समय सुरक्षा के पर्याप्त उपाय करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here