Home छत्तीसगढ़ यहाँ अप्रैल माह में ही मई जैसी तपिश, पारा 41 डिग्री पार,...

यहाँ अप्रैल माह में ही मई जैसी तपिश, पारा 41 डिग्री पार, बन रहे लू जैसे हालात…

13
0

आकाशवाणी.इन

कोरबा,14 अप्रैल 2026/ औद्योगिक नगरी में गर्मी ने अचानक तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान है। इसके साथ ही रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने से देर रात तक उमस और गर्मी का एहसास बना हुआ है.

पिछले एक सप्ताह में तापमान में करीब 4 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है, जिससे अप्रैल के मध्य में ही मई जैसी भीषण गर्मी महसूस होने लगी है। गर्म हवाओं और तेज धूप के कारण दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक सड़कों और मुख्य बाजारों में सन्नाटा पसरने लगा है। लोगों की आवाजाही में स्पष्ट कमी देखी जा रही है.

गर्मी बढ़ने के साथ ही बाजार में तरबूज, गन्ने का रस और अन्य शीतल पेयों की मांग अचानक बढ़ गई है। वहीं एसी और कूलर के अधिक उपयोग से बिजली की खपत में भी करीब 20 प्रतिशत तक इजाफा हुआ है.

मौसम विभाग के अनुसार आसमान साफ रहने और उत्तर-पश्चिमी शुष्क हवाओं के प्रभाव से तापमान में तेजी आई है। साथ ही कोरबा के औद्योगिक क्षेत्र और कोल माइंस की मौजूदगी के कारण हीट आइलैंड प्रभाव भी गर्मी को बढ़ा रहा है। आने वाले दो से तीन दिनों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है, जिससे लू जैसे हालात बन सकते हैं.

इधर, स्वास्थ्य विभाग ने भी सतर्कता बरतने की सलाह दी है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एस.एन. केसरी ने एडवाइजरी जारी कर नागरिकों से अपील की है कि डिहाइड्रेशन से बचने के लिए नियमित रूप से पानी पीते रहें, भले ही प्यास न लगे। नींबू पानी, ओआरएस और छाछ का सेवन करें। बाहर निकलते समय हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें तथा सिर को टोपी या स्कार्फ से ढंककर रखें.

विभाग ने विशेष रूप से दोपहर 12 से 3 बजे के बीच धूप में निकलने से बचने, हल्का एवं ताजा भोजन करने तथा बासी खाद्य पदार्थों से परहेज करने की सलाह दी है, क्योंकि इस मौसम में फूड पॉइजनिंग का खतरा भी बढ़ जाता है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here